सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध आधार सेंटरों पर प्रशासन का शिकंजा, छापेमारी में दर्जन भर आधार कार्ड जब्त
Published by : RAJEEV KUMAR JHA Updated At : 25 May 2026 6:28 PM
वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल के सामने संचालित दो कंप्यूटर सेंटरों की जांच की गई. उन्होंने बताया कि एक केंद्र पर किसी प्रकार की संदेहास्पद सामग्री नहीं मिली,
वीरपुर सीमावर्ती क्षेत्रों में संचालित अवैध आधार सेंटरों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी क्रम में सोमवार को वीरपुर स्थित ललित नारायण अनुमंडलीय अस्पताल के सामने चल रहे दो कंप्यूटर सेंटरों में बसंतपुर अंचलाधिकारी हेमंत कुमार और वीरपुर थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल के नेतृत्व में संयुक्त छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान एक दुकान में कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली, जबकि दूसरी दुकान में करीब आधे घंटे तक चली जांच के दौरान लगभग एक दर्जन आधार कार्ड बरामद किए गए. इसके अलावा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए. पुलिस ने कंप्यूटर सिस्टम को कब्जे में लेकर सेंटर संचालक को पूछताछ के लिए थाना लाया है. मामले की जानकारी देते हुए बसंतपुर सीओ हेमंत कुमार ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में संचालित आधार सेंटरों की नियमित जांच की जा रही है. इसी क्रम में वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल के सामने संचालित दो कंप्यूटर सेंटरों की जांच की गई. उन्होंने बताया कि एक केंद्र पर किसी प्रकार की संदेहास्पद सामग्री नहीं मिली, लेकिन दूसरे केंद्र में कई आधार कार्ड पाए गए. जिसके बाद कंप्यूटर संचालक को सिस्टम सहित थाना लाकर पूछताछ की जा रही है. सीओ ने कहा कि यह पूरी तरह रूटीन जांच का हिस्सा है. सीमावर्ती क्षेत्र में यह अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने बताया कि सीमा क्षेत्र के 15 किलोमीटर के दायरे में संचालित सभी आधार सेंटरों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा और जांच के आधार पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी. छापेमारी के दौरान पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा. वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










