सिसवन में पुलिया निर्माण को लेकर बवाल, जेई और ग्रामीण के बीच नोकझोंक

बहस करते ग्रामीण और जेई
सिसवन के कचनार गांव में पुलिया निर्माण को लेकर ग्रामीणों और जूनियर इंजीनियर के बीच विवाद गहरा गया है. गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने तीखी नोकझोंक की. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
सिसवन. प्रखंड क्षेत्र के कचनार गांव में निर्माणाधीन पुलिया को लेकर विवाद गहरा गया है. पुलिया निर्माण में सरिया नहीं लगाए जाने के आरोपों के बीच ग्रामीण और ग्रामीण कार्य विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) के बीच तीखी नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में मामले की चर्चा तेज हो गई है.
ग्रामीण ने उठाए निर्माण गुणवत्ता पर सवाल
जानकारी के अनुसार, कचनार गांव में सड़क के बीच बन रही पुलिया के निर्माण में गुणवत्ता को लेकर एक स्थानीय ग्रामीण ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) से शिकायत की थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पुलिया निर्माण में सरिया का उपयोग नहीं किया जा रहा है. शिकायत की जांच के लिए जेई मौके पर पहुंचे, जहां एक ग्रामीण युवक ने निर्माण कार्य और जांच प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए.
वायरल वीडियो में दिखी तीखी नोकझोंक
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ग्रामीण युवक और जेई के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है. इस दौरान जेई भी अपने मोबाइल फोन से पूरी घटना की रिकॉर्डिंग करते नजर आ रहे हैं. मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने भी इस घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है.
ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया निर्माण में गुणवत्ता से समझौता किया गया है और निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया. वहीं, जेई का कहना है कि निर्माण कार्य विभागीय मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है. ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.
विभाग की ओर से नहीं आया आधिकारिक बयान
वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच संवाद शालीन तरीके से होना चाहिए था. हालांकि, वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों को लेकर संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










