सीवान: रेड रिबन क्विज में सादिकपुर इंटर कॉलेज का जलवा, खुशी व अनुराग राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित
पुरस्कृत होते क्विज प्रतियोगिता में शामिल छात्र
सीवान जिले में एचआईवी/एड्स जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता में यूएचएस इंटर कॉलेज सादिकपुर के खुशी कुमारी और अनुराग कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है. यह जोड़ी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी.
Siwan Red Ribbon Quiz 2026: बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को वीएम उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज के सभागार में जिला स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में जिले के 50 विद्यालयों से दो-दो छात्रों सहित कुल 100 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. प्रारंभिक लिखित परीक्षा के बाद पांच विद्यालयों के 10 प्रतिभागियों का चयन फाइनल मौखिक क्विज प्रतियोगिता के लिए किया गया.
फाइनल मुकाबले में यूएचएस इंटर कॉलेज सादिकपुर ने मारी बाजी
रोमांचक फाइनल मुकाबले में यूएचएस इंटर कॉलेज सादिकपुर की छात्रा खुशी कुमारी एवं अनुराग कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया. इस जीत के साथ दोनों विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता में सीवान जिले का प्रतिनिधित्व करने का अधिकार हासिल किया.
प्रतियोगिता में आइडियल इंटरनेशनल स्कूल के अर्पण कुमार एवं प्रियांशु कुमारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया. वहीं वीएमएचएस स्कूल के मोहित एवं पायल कुमारी तृतीय स्थान पर रहे. यूएचएस हाथीगई की रोशनी एवं प्रवीण कुमार ने चतुर्थ तथा यूएचएस कल्याणपुर की अंजली कुमारी एवं आशुतोष भारती ने पंचम स्थान हासिल किया.
विजेता प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. साथ ही प्रतियोगिता में शामिल सभी छात्र-छात्राओं को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए.
एचआईवी एवं एड्स जागरूकता बढ़ाना है उद्देश्य
जिला आईसीटीसी के पर्यवेक्षक विभूति भूषण ने बताया कि बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति एवं शिक्षा विभाग के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में एचआईवी एवं एड्स से बचाव, जागरूकता और वैज्ञानिक जानकारी का प्रसार करना है. उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता लिखित एवं मौखिक दोनों चरणों में सफलतापूर्वक संपन्न हुई.
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे सीवान का प्रतिनिधित्व
वीएम उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज के प्राचार्य राकेश कुमार सिंह एवं कार्यक्रम सहायक अजय कुमार ने विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. पटना से आए बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के रिसोर्स पर्सन एवं क्विज मास्टर राकेश कुमार सिंह तथा शिवम कुमार ने प्रतियोगिता का सफल संचालन किया.
कार्यक्रम संयोजक विभूति भूषण ने बताया कि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं इस माह के अंत में पटना में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता में सीवान जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











