सीवान : 13 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान, बनेंगे 8663 नए राशन कार्ड

Updated:
विज्ञापन
समाहरणालय सिवान | Prabhat Khabar Network

सीवान समाहरणालय

सीवान में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत वंचित परिवारों को जोड़ने के लिए 13 अगस्त तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत 8663 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य है. ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन स्वीकार किए जाएंगे.

विज्ञापन

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र लेकिन अब तक वंचित परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ने के लिए जिले में 13 अगस्त तक विशेष अभियान चलाया जाएगा. अभियान के तहत 8663 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके लिए प्रतिदिन औसतन 289 राशन कार्ड जारी किए जाएंगे.

ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से होंगे आवेदन

जिला प्रशासन के अनुसार अभियान के दौरान ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन स्वीकार किए जाएंगे. पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर पात्र परिवारों से आवेदन लिए जाएंगे और उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवार योजना का लाभ प्राप्त कर सकें.

26 जुलाई को सभी पंचायतों में लगेंगे विशेष शिविर

जिला आपूर्ति पदाधिकारी सीमा कुमारी ने बताया कि जिले के लिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत 26 लाख 29 हजार 994 लाभार्थियों की सीमा निर्धारित है. वर्तमान में 25 लाख 93 हजार 178 लाभार्थी योजना का लाभ ले रहे हैं. शेष पात्र परिवारों को जोड़ने के लिए 26 जुलाई को पंचायत विकास दिवस के अवसर पर जिले की सभी 283 ग्राम पंचायतों में विशेष राशन कार्ड शिविर लगाए जाएंगे. आवश्यक जांच पूरी होने पर यथासंभव उसी दिन राशन कार्ड जारी करने की व्यवस्था रहेगी.

अभियान की निगरानी के लिए बने नोडल पदाधिकारी

अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए सदर और महाराजगंज अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र का नोडल पदाधिकारी बनाया गया है. दोनों अनुमंडलों में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाएंगे, जहां प्रतिदिन अभियान की समीक्षा कर प्रगति पर नजर रखी जाएगी.

डीएम ने पात्र परिवारों से की आवेदन की अपील

जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने जिले के सभी पात्र एवं वंचित परिवारों से समय पर आवेदन कर इस विशेष अभियान का लाभ उठाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि अभियान के सफल संचालन के लिए सभी प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, ताकि कोई भी पात्र परिवार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के लाभ से वंचित न रहे.


विज्ञापन
Manish Giri

लेखक के बारे में

By Manish Giri

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन