सीवान में 23 से 25 अगस्त तक पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर, 165 आवेदकों को मिलेगा अपॉइंटमेंट
समाहरणालय सीवान
Passport Service Camp: सीवान जिले के लोगों के लिए खुशखबरी! 23 से 25 अगस्त तक समाहरणालय परिसर में तीन दिवसीय पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर लगाया जा रहा है. विदेश मंत्रालय के 'पासपोर्ट सेवा-आपके द्वार' कार्यक्रम के तहत 165 आवेदकों को मिलेगी सुविधा. अपॉइंटमेंट पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर बुक किए जा सकते हैं.
Passport Service Camp: जिले के लोगों को पासपोर्ट सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना की ओर से 23 से 25 अगस्त तक समाहरणालय परिसर, सीवान में तीन दिवसीय पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर लगाया जायेगा. विदेश मंत्रालय के ‘पासपोर्ट सेवा-आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत आयोजित इस शिविर में कुल 165 आवेदकों के लिए अपॉइंटमेंट निर्धारित किये गये हैं. प्रत्येक दिन 55 आवेदकों को पासपोर्ट सेवा उपलब्ध करायी जायेगी.
पासपोर्ट सेवा पोर्टल से बुक कर सकेंगे अपॉइंटमेंट
इच्छुक आवेदक पासपोर्ट सेवा पोर्टल के माध्यम से अपना अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं. अपॉइंटमेंट स्थल के रूप में ‘Passport Seva Mobile Van Camp, Collectorate Campus – Siwan’ का चयन करना होगा. आवेदकों को निर्धारित समय पर शिविर में पहुंचने और पासपोर्ट आवेदन से संबंधित सभी जरूरी दस्तावेज साथ लाने की सलाह दी गयी है.
डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र पर बढ़े आवेदन
बताया गया कि सीवान स्थित डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र में लगातार अधिक संख्या में आवेदन आने के कारण लोगों को अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध कराने के लिए यह विशेष मोबाइल वैन शिविर आयोजित किया जा रहा है. शिविर का आयोजन जिला प्रशासन के सहयोग से किया जायेगा.
एक जुलाई 2026 से संशोधित शुल्क लागू
शिविर में जमा होने वाले पासपोर्ट आवेदनों पर विदेश मंत्रालय की ओर से एक जुलाई 2026 से प्रभावी संशोधित पासपोर्ट शुल्क लागू होगा. आवेदकों को आवेदन से पहले शुल्क और अन्य आवश्यक जानकारी आधिकारिक माध्यम से जांच लेने की सलाह दी गयी है.
सीवान में तीसरा मोबाइल वैन शिविर
अप्रैल 2024 से अब तक क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना की ओर से आयोजित होने वाला यह 20वां मोबाइल वैन शिविर होगा. बिहार के विभिन्न जिलों और संस्थानों में आयोजित ऐसे शिविरों के माध्यम से करीब 2,700 पासपोर्ट आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है.
सीवान में यह तीसरा मोबाइल वैन शिविर है. इससे पहले दिसंबर 2024 और जनवरी 2025 में आयोजित शिविरों को लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी.
डिजिलॉकर के इस्तेमाल की अपील
आवेदकों को पात्र दस्तावेजों के सुरक्षित प्रस्तुतिकरण और सत्यापन के लिए जहां लागू हो, डिजिलॉकर का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है. पासपोर्ट से जुड़ी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों पर भरोसा करने की अपील की गयी है. साथ ही आवेदकों को अनधिकृत एजेंटों और बिचौलियों से सावधान रहने की सलाह दी गयी है.
Also Read: अशोकधाम मंदिर हादसा: लखीसराय में 7 महिलाओं की मौत, करंट नहीं इस वजह से हुई घटना, DM-ADM ने की पुष्टि
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










