सीवान में सफाई सुपरवाइजरों के अपहरण और पिटाई का आरोप, 60 हजार रुपये लूटने की शिकायत, पूर्व MLC के परिवार पर FIR की मांग
Published by : Sakshi kumari Updated At : 06 Jun 2026 2:07 PM
सफाई सुपरवाइजरों के पीठ पर लगी चोट
Siwan News: सीवान के आंदर नगर पंचायत में दो सफाई सुपरवाइजरों के साथ मारपीट,अपहरण और 60 हजार रुपये लूटने का मामला सामने आया है. पूर्व MLC के परिजनों समेत 8-10 लोगों पर गंभीर आरोप लगा है. वहीं अब पुलिस इस मामले में जांच में जुटी है.
सीवान से अरविंद कुमार सिंह की रिपोर्ट
Siwan News: सीवान जिले के आंदर नगर पंचायत में सफाई कार्य की निगरानी कर रहे दो सुपरवाइजरों के साथ कथित तौर पर मारपीट, अपहरण और लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़ितों ने पूर्व एमएलसी के परिजनों समेत 8 से 10 लोगों पर पिस्टल की बट, रॉड और अन्य हथियारों से हमला करने का आरोप लगाया है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
सफाई कार्य के दौरान शुरू हुआ विवाद
पीड़ित अमृत कुमार ने आंदर थाने में दिए आवेदन में बताया कि वह और शुभम कुमार पाठक नगर पंचायत में सफाई सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत हैं. 5 जून को वार्ड संख्या-06 में सफाई कार्य का निरीक्षण कर रहे थे. इसी दौरान पूर्व एमएलसी परमात्मा राम के परिजन वहां पहुंचे और कथित रूप से गाली-गलौज करने लगे. जब उनसे शिकायत लिखित रूप में देने को कहा गया तो वे वहां से चले गए.
पिस्टल की बट से हमला करने का आरोप
आरोप है कि कुछ देर बाद अंकुश कुमार, निकेश कुमार, सागर कुमार समेत 8-10 लोग रॉड, चाकू और पिस्टल लेकर उनके कमरे में घुस आए. सभी ने दोनों सुपरवाइजरों पर हमला कर दिया. पिस्टल की बट से चेहरे पर कई वार किए गए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े.
अपहरण कर घर ले गए
आवेदन के अनुसार हमलावर दोनों को जबरन उठाकर वार्ड-06 स्थित पूर्व एमएलसी के घर ले गए, जहां फिर से मारपीट की गई. पीड़ितों का आरोप है कि कमरे में रखे सफाई कर्मियों के भुगतान के लिए रखे गए 60 हजार रुपये नकद भी लूट लिए गए. घटना के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई. मारपीट की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आंदर पहुंचाया. गंभीर रूप से घायल शुभम कुमार पाठक को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सीवान रेफर कर दिया गया, जबकि अमृत कुमार का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है.
नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग
पीड़ित ने अंकुश कुमार, निकेश कुमार, सागर कुमार समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला, अपहरण, लूटपाट, सरकारी कार्य में बाधा और आपराधिक धमकी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है. साथ ही परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिस संरक्षण देने की भी मांग की गई है. आंदर थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो गया है. मामले की जांच की जा रही है. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: सीवान में भाई ने भाई के परिवार पर किया जानलेवा हमला, 4 लोगों की हालत नाजुक, जांच में जुटी पुलिस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sakshi kumari
साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










