नाले निर्माण में लापरवाही का आरोप, हल्की बारिश में डूब रही सड़कें
Published by : YUVRAJ RATAN Updated At : 29 May 2026 5:13 PM
जलजमाव के बीच प्रदर्शन करते स्थानीय
Siwan News : जलजमाव को लेकर नगर पंचायत प्रशासन अलर्ट मोड में
Siwan News (चंद्र प्रकाश दुबे) : गुठनी नगर पंचायत की सड़कों पर जलजमाव से लोगो में काफी आक्रोश व्याप्त है. लगातार हो रही बारिश के बाद नगर पंचायत क्षेत्र की सड़कों पर जलजमाव की समस्या गंभीर हो गई है. मुख्य बाजार सहित कई वार्डों में सड़कों पर पानी जमा होने से दुकानदारों और स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है. लोगों का आरोप है कि नाले निर्माण कार्य में जेई और ठेकेदार की लापरवाही के कारण पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं हो सकी है. जिससे हल्की बारिश में भी सड़कें तालाब में तब्दील हो जा रही हैं. दुकानदारों का कहना है कि सड़क पर जमा गंदे पानी के कारण ग्राहकों का आना कम हो गया है. जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है. वहीं राहगीरों और स्कूली बच्चों को भी आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
नगर पंचायत क्षेत्र में जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह फेल
कई जगहों पर जलजमाव के कारण कीचड़ और दुर्गंध फैलने लगी है. जिससे संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका भी बढ़ गई है. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नाले निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया और जल निकासी के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए. लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान कराने और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की है. नगरवासियों का कहना है कि यदि शीघ्र जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और भयावह हो सकती है. मौके पर चुन्नू बरनवाल, अशोक बर्नवाल, नेसार आलम, जमशेद आलम, त्रिभुवन बर्नवाल, प्रभु कानू, मनोज कसेरा, मुन्ना कसेरा, सोनू गोस्वामी महताब आलम, किशुन कसेरा समेत दर्जनों लोग मौजूद थे.
अत्यधिक बारिश से गुठनी में जलजमाव, जल्द होगा समाधान : कार्यपालक पदाधिकारी
नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी ललित झा ने बताया कि अत्यधिक बारिश के चलते कुछ स्थानों पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हुई है. नगर पंचायत की टीम लगातार निगरानी कर रही है और जल्द ही पानी निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कर समस्या का समाधान कर दिया जाएगा.
Also Read : गोपालगंज के स्कूलों में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी की तैयारी तेज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










