सीवान स्टेशन पर टिकट जांच अभियान, 53 यात्री पकड़े गये, 44,665 रुपये जुर्माना

गिरफ्तार यात्रियों को पेश किया गया कैंप कोर्ट में रेल मजिस्ट्रेट के समक्ष
सीवान स्टेशन पर चले मजिस्ट्रेट टिकट जांच अभियान में 53 बिना टिकट एवं अनियमित यात्री पकड़े गये. रेलवे ने 44,665 रुपये जुर्माना वसूला.
सीवान: बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने मंगलवार को सीवान स्टेशन को आधार बनाकर छपरा-गोरखपुर तथा सीवान-पंचदेवरी रेलखंड की विभिन्न ट्रेनों में विशेष मजिस्ट्रेट टिकट जांच अभियान चलाया. अभियान के दौरान 53 बिना टिकट एवं अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे कुल 44,665 रुपये रेल राजस्व के रूप में वसूले गये.
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित अभियान का नेतृत्व रेलवे मजिस्ट्रेट सुधांशु शेखर ने किया. अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक वीके तिवारी के साथ वाणिज्य विभाग के 13 टिकट जांच कर्मी तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सात जवान शामिल रहे.
31 मामलों में 31,750 रुपये जुर्माना
अभियान के दौरान 31 मामलों में बिना टिकट यात्रियों को रेलवे मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया तथा एक टीआरसी दर्ज किया गया. इन मामलों में कुल 31,750 रुपये का जुर्माना वसूला गया.
वहीं, टिकट जांच कर्मियों ने 22 अन्य यात्रियों के विरुद्ध एक्सेस फेयर टिकट जारी कर 12,915 रुपये की अतिरिक्त वसूली की. इस प्रकार अभियान में कुल 53 यात्रियों से 44,665 रुपये का जुर्माना वसूला गया.
कई ट्रेनों में हुई टिकटों की जांच
जांच अभियान के दौरान 75204 पंचदेवरी-सोनपुर सवारी गाड़ी, 55102 मऊ-छपरा सवारी गाड़ी, 55105 छपरा कचहरी-थावे सवारी गाड़ी, 75103 छपरा-थावे सवारी गाड़ी, 15028 मौर्या एक्सप्रेस तथा 15708 आम्रपाली एक्सप्रेस सहित कई मेल एवं पैसेंजर ट्रेनों में टिकटों की गहन जांच की गयी.
अभियान के दौरान टिकट काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं. वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने यात्रियों से हमेशा वैध टिकट लेकर यात्रा करने, रेलवे नियमों का पालन करने तथा रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की.
उन्होंने कहा कि बिना टिकट यात्रा रोकने के लिए ऐसे विशेष जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे.
इसे भी पढ़ें: बिहार में शिक्षकों के लिए नई एसओपी जारी, ट्रांसफर से पहले ये 5 बातें जानना जरूरी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










