सीवान के सिसवन में बीस सूत्री बैठक में उठा सामुदायिक शौचालय और एमडीएम में अनियमितता का मुद्दा

बीस सूत्री की बैठक में अपनी बात रखते सदस्य | Prabhat Khabar Network
सिसवन प्रखंड मुख्यालय में आयोजित बीस सूत्री क्रियान्वयन समिति की बैठक में विभिन्न जनसमस्याओं पर चर्चा हुई. मेंहदार मंदिर परिसर से अवैध अतिक्रमण हटाने और घुरघाट में जलजमाव व सड़क निर्माण की मांग प्रमुखता से उठी.
Siwan News: सिसवन प्रखंड मुख्यालय स्थित अंबेडकर सभागार में बुधवार को आयोजित बीस सूत्री क्रियान्वयन समिति की बैठक में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया.
बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष संजीव सिंह ने की, जबकि प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार ने बैठक का संचालन किया. इस दौरान समिति के सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को जोरदार तरीके से रखा.
मेंहदार मंदिर परिसर में अतिक्रमण का मुद्दा उठा
बैठक में उपाध्यक्ष सत्येंद्र भारती ने मेंहदार मंदिर परिसर और आसपास बढ़ रहे अवैध अतिक्रमण का मुद्दा उठाया.
उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं, लेकिन अतिक्रमण के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है.
उन्होंने प्रशासन से मंदिर परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की.
घुरघाट में जलजमाव और सड़क निर्माण की मांग
बैठक में सदस्य देवेंद्र तिवारी ने घुरघाट गांव में जलजमाव की समस्या और मध्य विद्यालय में आने-जाने के लिए सड़क निर्माण का मुद्दा उठाया.
उन्होंने कहा कि जलजमाव के कारण ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. समस्या के समाधान के लिए जल्द पहल की आवश्यकता है.
चैनपुर बाजार में सामुदायिक शौचालय निर्माण की मांग
वहीं बंटी गुप्ता ने चैनपुर बाजार में सामुदायिक शौचालय निर्माण की मांग रखी.
उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्र में शौचालय की सुविधा नहीं होने से आम लोगों, दुकानदारों और आने-जाने वाले लोगों को परेशानी होती है.
एमडीएम की गुणवत्ता पर भी हुई चर्चा
बैठक में प्रखंड क्षेत्र के विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन (एमडीएम) योजना की गुणवत्ता, नियमित वितरण और अन्य सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई.
समिति के सदस्यों ने पेयजल, सड़क, बिजली, स्वच्छता और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया.
अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
बैठक में मौजूद अधिकारियों ने सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया.
अधिकारियों ने कहा कि संबंधित विभागों को समस्याओं के समाधान के लिए जरूरी निर्देश दिए जाएंगे, ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










