siwan news : बीएसएफ के रिटायर्ड जवान के घर पर बदमाशों ने बरसायीं गोलियां, पुत्र की मौत

Updated:
विज्ञापन
siwan news : बीएसएफ के रिटायर्ड जवान के घर पर बदमाशों ने बरसायीं गोलियां, पुत्र की मौत

siwan news : सिसवन थाना क्षेत्र की घुरघाट पंचायत के रामपुर गांव में हुई वारदात, पहले चांदपुर में भोज खाने गये पोते पर की फायरिंग, फिर घर पहुंच जवान के बेटे को मारी गोली, दो बाइकों पर सवार आधा दर्जन बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

विज्ञापन

सिसवन. थाना क्षेत्र की घुरघाट पंचायत के रामपुर गांव में बुधवार की देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया.

बाइक पर सवार छह नकाबपोश बदमाशों ने स्थानीय निवासी बीएसएफ के रिटायर्ड जवान गोपाल यादव के घर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसायी, जिससे उनका बड़ा बेटा जनार्दन यादव (48) के सीने और पैर में गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गयी. इधर घटना से क्षेत्र में दहशत व्याप्त है. मकान की दीवारों पर गोलियों के निशान इस हमले की भयावहता को बयां कर रहे हैं. स्थानीय लोगों ने बताया कि बुधवार की देर शाम रिटायर्ड जवान गोपाल यादव के पोता व मृतक जनार्दन यादव के पुत्र विवेक कुमार यादव थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव में एक तिलक समारोह में भोज खाने के लिए गये थे, तभी वहां पर कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर कहा-सुनी होने लगी. बताया गया कि बात इतनी बढ़ गयी की युवकों ने विवेक पर फायरिंग कर दी. मामले की जानकारी होने पर विवेक के पिता जनार्दन यादव मौके पर पहुंचे व अपने पुत्र को किसी तरह सुरक्षित अपने घर लेकर पहुंचे. बताया गया कि अभी इस घटना को करीब 20 मिनट भी नहीं हुआ था कि दो बाइकों पर सवार करीब आधा दर्जन नकाबपोश बदमाश रामपुर गांव स्थित जनार्दन यादव के घर पहुंच उसके पुत्र को बुलाने लगे. तभी छत पर सोये जनार्दन यादव ने अपना दरवाजा खोल बालकनी से ही बोले कि फिर झगड़ा करने के लिए तू लोग आ गया. तभी बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें जनार्दन यादव के सीने व पैर में गोली लग गयी. इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. इधर मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक की मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है.

गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठा इलाका

स्थानीय लोगों के माने तो गोलियों की तड़तड़ाहट से सोया हुआ इलाका थर्रा उठा. आसपास के लोग घरों से बाहर निकले, लेकिन तब तक बदमाश बाइक पर सवार होकर अंधेरे में गायब हो चुके थे. घटना के बाद मृतक के घर पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी. घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी लेने के बाद से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया. परंतु परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी और वरीय पुलिस पदाधिकारी को घटना स्थल पर बुलाने की मांग पर अड़ गये. सूचना पर एसपी अमितेश कुमार करीब आधा दर्जन थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. इधर गुरुवार की सुबह स्थानीय पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टर्माटम के लिए सीवान भेज दिया.

मौके से खोखा बरामद, एफएसएल की टीम ने की जांच

सूत्रों के माने तो घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल से पांच खोखा मिल है. मौत की सूचना पर बुधवार की देर रात पहुंची एफएसएल की टीम ने घटनास्थल की जांच की. एफएसएल की टीम ने जांच करते हुए घटना स्थल पर गिरे खोखे, खून के धब्बे, खून से सनी मिट्टी के कुछ अंश सहित अन्य सामग्री जांच के लिए अपने साथ ले गयी, साथ ही घटना को लेकर थानाध्यक्ष और मृतक के परिजनों से पूरी जानकारी हासिल की.

पुलिस गश्त पर उठे सवाल

बदमाशों द्वारा गोली मारकर हत्या मामले में स्थानीय लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्ती पर भी सवाल उठाया है. लोगों का कहना है कि मृतक के घर से करीब दो-ढाई किलोमीटर दक्षिण सिसवन थाना है तथा दो-ढाई किलोमीटर उत्तर चैनपुर थाना है. पुलिस की गश्ती टीम अक्सर चैनपुर पुल के समीप तथा तिलैता चांदपुर नहर के पास रहती है. लोगों का कहना है कि यदि मुख्य मार्गों पर पुलिस की नियमित रात्रि गश्त होती तो शायद अपराधी इस तरह खुलेआम वारदातों को अंजाम देकर फरार नहीं हो पाते.

संभावित ठिकानों पर पुलिस ने की छापेमारी

सूत्रों के माने तो इधर गोलीकांड में मौत के बाद मौके पर पहुंचे एसपी और स्थानीय पुलिस ने अन्य पुलिस टीम के साथ मृतक में पुत्र की निशानदेही पर बदमाशों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Shailesh Kumar

लेखक के बारे में

By Shailesh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन