भारी वाहनों की आवाजाही से बढ़ी परेशानी,ग्रामीण नाराज

प्रखंड क्षेत्र से होकर गुजर रहे राम जानकी पथ के निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों और निर्माण कंपनी के बीच विवाद गहरा गया था. निर्माण कार्य में लगे भारी वाहनों के गांव की सड़कों से आवागमन के कारण उत्पन्न समस्याओं से नाराज ग्रामीणों ने वाहनों का आवागमन रोक दिया, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई.
प्रतिनिधि,भगवानपुर हाट. प्रखंड क्षेत्र से होकर गुजर रहे राम जानकी पथ के निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों और निर्माण कंपनी के बीच विवाद गहरा गया था. निर्माण कार्य में लगे भारी वाहनों के गांव की सड़कों से आवागमन के कारण उत्पन्न समस्याओं से नाराज ग्रामीणों ने वाहनों का आवागमन रोक दिया, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई. ग्रामीणों का कहना है कि मिट्टी, बालू और अन्य निर्माण सामग्री ढोने वाले ट्रक व डंपर दिन-रात गांव की संकरी सड़कों से गुजरते हैं. इससे लगातार धूल उड़ने से वातावरण प्रदूषित हो रहा है, वहीं छोटे बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है.ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़कें टूट रही हैं . कंपनी द्वारा कोई ठोस व्यवस्था नहीं की जा रही है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने स्थानीय मुखिया सुभाष सिंह, जिला पार्षद प्रतिनिधि मोमेंद्र राय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के सहयोग से मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया.इसके बाद मंगलवार को महना गांव में एक औपचारिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें निर्माण कंपनी मेघा कंस्ट्रक्शन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए.बैठक के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को विस्तार से रखते हुए भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय करने की मांग की. उनका कहना था कि गांव की सड़कों पर लगातार भारी वाहनों के चलने से सड़कें जर्जर हो रही हैं और घरों में धूल मिट्टी भर जा रही है. वहीं कंपनी के अधिकारियों ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सड़क पर कांटी जैसे नुकीले पदार्थ फेंककर गाड़ियों के टायर पंचर किए जा रहे हैं, जिससे निर्माण कार्य बाधित हो रहा है.दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद थानाध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में कानून हाथ में नहीं लिया जाए. उन्होंने कहा कि विकास कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही निर्माण कंपनी को निर्देशित किया गया कि वे ग्रामीण सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराएं, ताकि धूल से राहत मिल सके, तथा जहां-जहां सड़क खराब हो गई है, उसकी मरम्मत तत्काल कराई जाए.निर्माण कंपनी के अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और सड़क क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में मरम्मत भी कराई जाएगी.थानाध्यक्ष ने कहा कि राम जानकी पथ का निर्माण क्षेत्र के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है. इसके पूर्ण होने से आवागमन सुगम होगा और स्थानीय लोगों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से लाभ मिलेगा.बैठक में पीएसआई छपित कुमार चौबे, कंपनी के मैनेजर ब्रजेश सिंह, मुखिया सुभाष सिंह, जिला पार्षद प्रतिनिधि मोमेंद्र राय, ग्रामीण जनक राय, वशिष्ठ राय समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




