सीवान: महाराजगंज के स्कूल में चाकूबाजी, छठी कक्षा का छात्र घायल, सातवीं के छात्र पर आरोप
फोटो-घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
महाराजगंज के स्वामी कर्मदेव मध्य विद्यालय में बुधवार सुबह चाकूबाजी की घटना से अफरा-तफरी मच गई. छठी कक्षा का एक छात्र घायल हो गया, जबकि सातवीं कक्षा के छात्र पर हमले का आरोप है. इस घटना ने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Maharajganj School Stabbing: महाराजगंज मुख्यालय स्थित स्वामी कर्मदेव मध्य विद्यालय में बुधवार की सुबह क्लास के दौरान चाकूबाजी की घटना से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गयी. घटना में छठी कक्षा का एक छात्र चाकू लगने से घायल हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रबंधन के साथ-साथ पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया.
घायल छात्र की पहचान महाराजगंज शहर निवासी छठी कक्षा के छात्र रिशु राज के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि घटना बुधवार सुबह करीब 11 बजे की है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चाकू से हमला करने का आरोप इसी विद्यालय में पढ़ने वाले सातवीं कक्षा के एक छात्र पर है. हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है.
एसडीओ और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही महाराजगंज एसडीओ अनिता सिन्हा, एसडीपीओ अमन कुमार समेत स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस की देखरेख में घायल छात्र को तत्काल महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. फिलहाल छात्र की स्थिति को लेकर पुलिस और अस्पताल प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.
विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनय कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विद्यालय में चाकूबाजी की घटना हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है.
विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्लास के दौरान छात्र स्कूल परिसर में चाकू लेकर कैसे पहुंच गया? वहीं, जिस समय यह घटना हुई, उस दौरान संबंधित कक्षा में शिक्षक कहां थे और क्या कर रहे थे, इसको लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.
नाबालिग छात्रों के बीच स्कूल परिसर में चाकू जैसी धारदार वस्तु का पहुंचना विद्यालय प्रबंधन के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्र चाकू विद्यालय में कहां से लेकर आया और आखिर किस बात को लेकर दोनों छात्रों के बीच विवाद हुआ.
घटना के बाद विद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन की नजर बनी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











