सीवान के हुसैनगंज में पोखरे में मिला वृद्ध का शव,शौच के लिए निकले ग्रामीणों की पड़ी नजर
सांकेतिक तस्वीर
पूर्वी हरिहांस पंचायत के हसनपुरवा गांव में पोखरे में एक वृद्ध का शव मिलने से हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान 60 वर्षीय राजकुमार पांडेय के रूप में हुई है. ग्रामीणों की मानें तो नशे की हालत में पोखरे में गिरने से हुई मौत की आशंका है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
Pokhare mein shav: हुसैनगंज थाना क्षेत्र की पूर्वी हरिहांस पंचायत के हसनपुरवा गांव में गुरुवार की सुबह पोखरे में एक वृद्ध का शव उपलाता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान गांव निवासी 60 वर्षीय राजकुमार पांडेय, पिता स्वर्गीय रामनाथ पांडेय के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को जानकारी दी.
आपके शहर में
शौच के लिए निकले ग्रामीणों की पड़ी शव पर नजर
बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह गांव के कुछ लोग शौच के लिए पोखरे की ओर गये थे. इसी दौरान उनकी नजर पानी में उपलाते शव पर पड़ी. शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये. ग्रामीणों ने आशंका जतायी कि राजकुमार पांडेय की मौत देर शाम पोखरे में डूबने से हुई होगी.
नशे की हालत में पोखरे में गिरने की जतायी आशंका
ग्रामीणों के अनुसार, राजकुमार पांडेय पिछले कुछ दिनों से नशे का सेवन कर रहे थे. आशंका जतायी जा रही है कि नशे की हालत में पोखरे के पास जाने के दौरान वह पानी में गिर गये होंगे. हालांकि, यह ग्रामीणों की आशंका है और मौत के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने पर हुसैनगंज थानाध्यक्ष मोहन प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों की मदद से शव को पोखरे से बाहर निकलवाया गया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया.
तीन पुत्रियों समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक के परिवार में तीन पुत्रियां हैं. घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है. तीनों पुत्रियों समेत परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. थानाध्यक्ष मोहन प्रसाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.
इसे भी पढ़ें:भोजपुर के नए SP अवधेश दीक्षित क्यों हैं चर्चा में? जानिए IPS काम्या मिश्रा से उनकी खास प्रेम कहानी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए