कोलकाता अग्निकांड : ‘शिखा इन’ का पट्टाधारक गिरफ्तार, रिहायशी इमारत में बिना एनओसी चल रहा था लॉज
होटल के बाहर पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम.
Kolkata Hotel Fire Arrest: कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट होटल अग्निकांड में पुलिस ने ‘शिखा इन’ के पट्टाधारक अबू जफर को जोड़ासांकू से गिरफ्तार किया. हादसे में 9 लोगों की हो गयी थी मौत.
Kolkata Hotel Fire Arrest: मध्य कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित पांच मंजिली इमारत में आग लगने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. लालबाजार डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (DD) की विशेष जांच टीम (SIT) ने कार्रवाई करते हुए ‘शिखा इन’ (Shikha Inn) लॉज के पट्टाधारक (Leaseholder) अबू जफर को जोड़ासांकू स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया है. इसके अलावा, मामले में 2 अन्य संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. बुधवार तड़के इस हादसे में 4 साल के मासूम और कई बांग्लादेशी नागरिकों समेत कुल 9 लोगों की मौत हो गयी थी. 6 लोग गंभीर रूप से झुलस गये थे.
जांच में हुए बड़े खुलासे
- रिहायशी इमारत में व्यावसायिक उल्लंघन : जांच अधिकारियों के अनुसार, जिस इमारत में हादसा हुआ, वह एक रिहायशी (Residential) भवन है. इसकी तीसरी मंजिल पर महज 1,100 वर्ग फुट के छोटे से इलाके में 5 तंग कमरे बनाकर ‘शिखा इन’ लॉज का संचालन किया जा रहा था. यह म्यूनिसिपल ऐक्ट का उल्लंघन है.
- फायर एनओसी और सुरक्षा मानकों की धज्जियां : शुरुआती जांच में पाया गया कि लॉज में आग से बचाव के बुनियादी उपकरण (Fire Extinguishers) या आपातकालीन निकास (Emergency Exit) की कोई व्यवस्था नहीं थी. कोलकाता पुलिस की एसआईटी अब इस बात की जांच कर रही है कि बिना ‘फायर एनओसी’ के यह लॉज इतने समय से कैसे चल रहा था.
- अवैध सब-लीडिंग और लीज धांधली : पुलिस मुख्य पट्टाधारक अबू जफर से लीज दस्तावेजों और लाइसेंसिंग प्रक्रियाओं को लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि इमारत का इस्तेमाल व्यावसायिक गेस्ट हाउस के रूप में करने की अनुमति किसने दी थी.
ये भी पढ़ें: कोलकाता होटल अग्निकांड : दुर्गा पूजा की खरीदारी के 7 घंटे बाद बांग्लादेशी पत्रकार और पत्नी-बेटे की मौत
बांग्लादेशी दूतावास और फॉरेंसिक टीम की समानांतर जांच
कोलकाता पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किये हैं. हादसे में मारे गये बांग्लादेशी नागरिकों के शवों को वतन वापस भेजने के लिए बांग्लादेश उप-उच्चायोग के अधिकारी भी पुलिस प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाये हुए हैं.
ये भी पढ़ें: Kolkata Fire: होटल, अस्पताल और कारखाने... 2010 से 2026 तक आग के 8 बड़े हादसे, 100 से ज्यादा मौतें
एक ही परिवार के 4 लोगों समेत 9 की हुई मौत
इस हादसे में बांग्लादेशी पत्रकार देबाशीष दत्त, उनकी पत्नी, मासूम बेटे और ससुर समेत कुल 9 लोगों की मौत हो गयी थी. बांग्लादेश के एक अन्य नागरिक बाबू अहमद की भी हादसे में जान चली गयी. इनके अलावा बिहार के संदीप पासवान और सिलीगुड़ी के योग नारायण अग्रवाल की भी इस अग्निकांड में मौत हो गयी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By मिथिलेश झा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए