सीवान: बड़हरिया पंचायत समिति की बैठक में हंगामा, यूरिया कालाबाजारी से आंगनबाड़ी तक उठे सवाल

Updated:
विज्ञापन

बीडीसी की बैठक में मुद्दा उठाते बीडीसी सदस्य जुनैद रिजवी व अन्य

सीवान के बड़हरिया में पंचायत समिति की बैठक में जनसमस्याओं और विकास कार्यों पर हंगामा हुआ. यूरिया खाद की कालाबाजारी, आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में धांधली और बदहाल नल-जल योजनाओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने गंभीर सवाल उठाए.

विज्ञापन

Siwan News: प्रखंड कार्यालय के सभागार में शनिवार को प्रखंड प्रमुख रहीमा खातून की अध्यक्षता में पंचायत समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों और जनसमस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने कई गंभीर मुद्दे उठाये. यूरिया खाद की कथित कालाबाजारी, एलपीजी गैस वितरण में अनियमितता, आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, बदहाल नल-जल योजना और बंद पड़ी सोलर लाइटों को लेकर सदस्यों ने नाराजगी जतायी.

बभनबारा स्कूल में जलजमाव से बच्चों की परेशानी

पंचायत समिति सदस्य जुनैद रिजवी ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय बभनबारा के परिसर में जलजमाव का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि स्कूल परिसर में लंबे समय से पानी जमा रहने और फिसलन के कारण बच्चों को परेशानी हो रही है. कई बार बच्चे गिरकर चोटिल भी हो रहे हैं.

उन्होंने प्रशासन से जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की. साथ ही शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए पंचायत समिति की बैठकों में स्थानीय शिक्षाविदों और बुद्धिजीवियों को भी शामिल करने का सुझाव दिया.

कागजों पर चल रहे आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच की मांग

बीडीसी सदस्य समीउल्लाह अंसारी उर्फ छोटे ने बाल विकास परियोजना की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रखंड के कई आंगनबाड़ी केंद्र सिर्फ कागजों पर संचालित हो रहे हैं. उन्होंने ऐसे केंद्रों की निष्पक्ष जांच कराने और अनियमितता मिलने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

उन्होंने बहादुरपुर पंचायत में विवाह भवन निर्माण में आ रही अड़चन का मुद्दा भी उठाया. निर्माण कार्य में बाधा दूर करने के लिए एसडीओ से जल्द एनओसी जारी करने का आग्रह किया.

यूरिया की किल्लत और कालाबाजारी पर भड़के जनप्रतिनिधि

बैठक में किसानों से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से उठे. सदस्यों ने प्रखंड में यूरिया खाद की किल्लत और कथित कालाबाजारी पर नाराजगी जतायी. जनप्रतिनिधियों का कहना था कि किसानों को निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराया जाना चाहिए.

एलपीजी गैस वितरण में कथित मनमानी को लेकर भी सदस्यों ने सवाल उठाये. जनप्रतिनिधियों ने संबंधित विभाग से वितरण व्यवस्था की निगरानी करने और अनियमितता की शिकायतों पर कार्रवाई करने की मांग की.

बंद सोलर लाइट और नल-जल योजना पर भी सवाल

पंचायतों में लगायी गयी सोलर लाइटों के खराब रहने का मामला भी बैठक में उठा. सदस्यों ने कहा कि कई जगह सोलर लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे रात में लोगों को परेशानी होती है.

वहीं नल-जल योजना की स्थिति को लेकर भी जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जतायी. कई इलाकों में योजना का लाभ लोगों तक पूरी तरह नहीं पहुंचने की बात कही गयी. सदस्यों ने खराब पड़े उपकरणों की मरम्मत और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की.

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा

बैठक में उपप्रमुख वकील अहमद, बीडीओ संदीप कुमार, सीओ मनीष कुमार, बीपीआरओ रचित अग्रवाल, बीईओ राजीव कुमार पांडेय, बिजली विभाग के जेई विकास कुमार और विवेक कुमार मौजूद रहे.

इसके अलावा मुखिया संघ अध्यक्ष प्रतिनिधि जीवनारायण यादव, मुखिया प्रतिनिधि बाल्मीकि कुमार अश्विनी, कमलेश्वर सिंह, कौलेश्वर महतो, बीडीसी सदस्य मधुप मिश्र, सुगांती देवी, अर्जुन यादव, शारदानंद राम, बंटी अहमद, विकास कुमार, पप्पू खान, मुखिया चंद्रमा राम और नंदजी सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

इसे भी पढ़ें: सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के भतीजे की दवा दुकान में चोरी, शटर तोड़कर 2.67 लाख कैश ले गए चोर; CCTV में पूरी वारदात


विज्ञापन
आनंद मिश्र

लेखक के बारे में

By आनंद मिश्र

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन