पेंशन नहीं मिलने से 4.07 लाख लाभार्थी परेशान

जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत लाभान्वित होने वाले 4,07,447 लाभार्थियों को अप्रैल माह की पेंशन राशि अब तक नहीं मिली है. यह राशि हर माह की 10 तारीख तक लाभार्थियों के बैंक खातों में राशि पहुंच जाती थी. अप्रैल माह की 19 तारीख बीत जाने के बाद भी भुगतान नहीं होने से गरीब, वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांग लाभार्थियों के सामने आर्थिक समस्या उत्पन्न हो गयी है.
प्रतिनिधि, सीवान. जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत लाभान्वित होने वाले 4,07,447 लाभार्थियों को अप्रैल माह की पेंशन राशि अब तक नहीं मिली है. यह राशि हर माह की 10 तारीख तक लाभार्थियों के बैंक खातों में राशि पहुंच जाती थी. अप्रैल माह की 19 तारीख बीत जाने के बाद भी भुगतान नहीं होने से गरीब, वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांग लाभार्थियों के सामने आर्थिक समस्या उत्पन्न हो गयी है. जानकारी के अनुसार, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से राशि उनके खातों में भेजी जाती है. जून 2025 से राज्य सरकार द्वारा पेंशन राशि को 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रति माह कर दिया गया था. मार्च 2026 तक यह राशि नियमित रूप से मिलती रही है. लेकिन अप्रैल माह में भुगतान पूरी तरह बाधित है. बताया जा रहा है कि इस बार करीब 44.81 करोड़ रुपये का भुगतान अटका हुआ है. जिससे बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं. जिले के विभिन्न प्रखंडों में लाभार्थियों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. आंदर प्रखंड में 14,288, गुठनी में 15,565, गोरेयाकोठी में 28,087, जीरादेई में 19,955, दरौंदा में 26,320, दरौली में 20,630, नौतन में 9,885, पचरूखी में 24,339, बड़हरिया में 37,824, बसंतपुर में 14,112, भगवानपुरहाट में 31,370, मैरवा में 12,333, महाराजगंज में 25,836, रघुनाथपुर में 20,598, लकड़ी नबीगंज में 18,661, सिसवन में 19,288, सीवान सदर में 31,065, हुसैनगंज में 17,852 तथा हसनपुरा में 19,439 लाभार्थियों को पेंशन की राशि नहीं मिली है. पेंशन नहीं मिलने से लाभार्थियों के सामने दैनिक जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है .कई लाभार्थी अपनी जीविका के लिए पूरी तरह इसी राशि पर निर्भर हैं. वृद्ध और असहाय लोगों को दवा, भोजन और अन्य आवश्यक खर्चों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी गंभीर है, जहां अन्य आय के साधन सीमित हैं. लाभार्थियों ने जिला प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है. उनका कहना है कि अगर समय पर पेंशन नहीं मिली, तो उनके जीवन यापन पर गहरा असर पड़ेगा. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए जल्द से जल्द भुगतान सुनिश्चित करने की अपील की है. जिला सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक मिन्हाजुद्दीन ने बताया कि पेंशन की राशि राज्य सरकार के स्तर से जारी की जाती है. उन्होंने कहा कि वर्तमान में भुगतान में हो रही देरी का मुख्य कारण सरकार की ओर से राशि निर्गत नहीं होना है. उन्होंने कहा कि यह समस्या केवल सीवान जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे राज्य में इसी प्रकार की स्थिति बनी हुई है. उन्होंने लाभार्थियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए आश्वासन दिया कि लंबित राशि जल्द ही उनके खातों में सरकार स्तर से पहुंचा दी जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




