Sitamarhi News: योगेंद्र सहनी हत्याकांड में FSL ने जुटाए सबूत, पुलिस हिरासत में छह लोग, जांच तेज
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 22 May 2026 2:50 PM
Sitamarhi News:सीतामढ़ी में मत्स्यजीवी समिति के सदस्य योगेंद्र सहनी की गोली मारकर हत्या. नेपाल बॉर्डर से लौटने के दौरान कन्हौली-बेताही मार्ग पर वारदात. पुलिस ने आपसी रंजिश के शक में 6 संदिग्धों को हिरासत में लिया, जांच जारी.पढे़ं पूरी खबर…
Sitamarhi News:सीतामढ़ी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. भुतही थाना क्षेत्र के खुशनगरी गांव निवासी और प्रखंड मत्स्यजीवी सहयोग समिति के कार्यकारिणी सदस्य योगेंद्र सहनी की गुरुवार देर शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात कन्हौली-बेताही मार्ग पर उस समय हुई, जब वे बाइक से लौट रहे थे. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक छह संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है.
नेपाल बॉर्डर पर नशा करने के बाद लौटे थे सभी
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि योगेंद्र सहनी समेत कुल सात लोग कन्हौली-नेपाल बॉर्डर स्थित भासर गए थे. वहां सभी ने नशे का सेवन किया. इसके बाद दो बाइकों पर सवार होकर चार लोग खुशनगरी के लिए निकले. इसी दौरान कन्हौली-बेताही के सुनसान रास्ते पर घात लगाए अपाचे बाइक सवार अपराधियों ने योगेंद्र सहनी को निशाना बनाते हुए गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
बयानों में विरोधाभास, FSL टीम ने जुटाए सबूत
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित रंजन और सदर एसडीपीओ-2 आशीष आनंद के नेतृत्व में विशेष टीम जांच में जुटी है. पुलिस ने जब मृतक के साथ मौजूद साथियों से पूछताछ की, तो उनके बयानों में भारी विरोधाभास और संदिग्ध गतिविधियां पाई गईं. प्रथमदृष्टया यह मामला आपसी रंजिश का लग रहा है. एफएसएल (FSL) की टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
सीतामढ़ी से राकेश कुमार राज की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










