Sitamarhi News: सीतामढ़ी नगर निगम में सशक्त स्थायी समिति के सात सदस्यों का चुनाव आज, प्रशासनिक तैयारी पूरी
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 29 May 2026 7:01 PM
सीतामढ़ी नगर निगम में सशक्त स्थायी समिति के सात सदस्यों का चुनाव आज, प्रशासनिक तैयारी पूरी
Sitamarhi News: सीतामढ़ी नगर निगम में सशक्त स्थायी समिति के सात सदस्यों के चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी हैं. आज मतपत्रों के जरिए 46 वार्ड पार्षद मिलकर सात सदस्यों का चुनाव करेंगे और इसके तुरंत बाद विजेताओं का शपथ ग्रहण होगा.पढे़ं पूरी खबर…
Sitamarhi News: सीतामढ़ी नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति के सात सदस्यों के चुनाव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. नगर आयुक्त डॉ. गजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय स्थित सभा-कक्ष में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच इस चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराया जाएगा. चुनाव को पूरी तरह से शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित करने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है.
सुबह आठ बजे से शुरू होगी चुनाव प्रक्रिया, मतपत्र से होगा मतदान
प्रशासन के मुताबिक, चुनाव की पूरी प्रक्रिया सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगी. इसके तहत सबसे पहले इच्छुक उम्मीदवारों द्वारा नामांकन का पर्चा दाखिल किया जाएगा. नामांकन की समय सीमा समाप्त होने के बाद दाखिल किए गए सभी नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी (जांच) की जाएगी. जांच के दौरान जिन उम्मीदवारों के नामांकन पत्र सही पाए जाएंगे, उनके पक्ष में मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी. यह मतदान मतपत्र (बैलेट पेपर) के माध्यम से कराया जाएगा, जिसमें सभी पार्षद अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.
46 वार्ड पार्षद चुनेंगे 7 सदस्य, निर्विरोध निर्वाचन की भी संभावना
सीतामढ़ी नगर निगम के कुल 46 वार्ड पार्षद इस महत्वपूर्ण चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे और अपने बीच से सात योग्य सदस्यों का चयन करेंगे. निर्वाचन नियमों के अनुसार, कुल सात पदों के लिए नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएंगे. यदि चुनाव मैदान में उतरने वाले उम्मीदवारों की संख्या सात से अधिक होती है, तो ऐसी स्थिति में पार्षदों के बीच मतदान कराया जाएगा. इसके विपरीत, यदि कुल सात पदों के लिए केवल सात ही नामांकन प्राप्त होते हैं और जांच में वे सही पाए जाते हैं, तो सभी उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया जाएगा.
मतगणना के तुरंत बाद होगा शपथ ग्रहण समारोह
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदान की प्रक्रिया समाप्त होने के तुरंत बाद वोटों की गिनती (मतगणना) शुरू कर दी जाएगी और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे. चुनाव में विजयी रहने वाले सभी उम्मीदवारों को मौके पर ही निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा. इसके साथ ही उनका शपथ ग्रहण समारोह भी तुरंत आयोजित किया जाएगा. नगर निगम प्रशासन ने शहर के विकास से जुड़े इस महत्वपूर्ण चुनाव को देखते हुए सभी 46 वार्ड पार्षदों से समय पर उपस्थित होकर चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है.
सीतामढ़ी से रतिकांत झा की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










