Sitamarhi News: मवेशी लदे पिकअप वैन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

प्रतिकात्मक तस्वीर
Sitamarhi News:सीतामढ़ी के बाजपट्टी में पुलिस ने गुप्त सूचना पर मवेशी लदे पिकअप वैन के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. वैध कागजात नहीं दिखाने पर पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर तस्करों को जेल भेज दिया.पढ़ें पूरी खबर…
Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिला के बाजपट्टी थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मवेशी तस्करी के एक बड़े मामले का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने मवेशी तस्करी में लिप्त तीन शातिर तस्करों को एक पिकअप वैन सहित रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. सोमवार को थाना क्षेत्र में की गई इस बड़ी कार्रवाई के दौरान वाहन पर क्रूरतापूर्वक लदे कई मवेशियों को सुरक्षित बरामद किया गया है.
नानपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं तीनों गिरफ्तार तस्कर
पुलिस गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान पिकअप चालक बदरुल कुरैशी, मो. खालिद कुरैशी और मो. आरजू कुरैशी के रूप में की गई है. ये सभी आरोपी पड़ोसी नानपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं. पुलिस तीनों से नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है.
कागजात नहीं दिखाने पर वाहन जब्त, पशु क्रूरता अधिनियम में केस दर्ज
थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वैन पर अवैध रूप से मवेशियों को लादकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोककर जब जांच की, तो उसमें ठूंस-ठूंस कर भरे मवेशी मिले. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दावा किया कि वे मवेशियों को खरीद-बिक्री के लिए ले जा रहे थे, लेकिन जब पुलिस ने उनसे व्यापार से जुड़े आवश्यक कागजात मांगे, तो वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद पुलिस ने वाहन और मवेशियों को जब्त कर लिया. तीनों आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sumit Kumar
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










