सीतामढ़ी: हीटवेव के बीच बिजली संकट से हाहाकार, बिना पंखे रात काट रहे लोग

प्रतीकात्मक तस्वीर
Sitamarhi News: भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट गहरा गया है. ट्रांसफॉर्मर पर लोड बढ़ने से केबल जल रहे हैं और अधिकारी उपभोक्ताओं की शिकायतें नहीं सुन रहे हैं, जिससे लोग पूरी रात अंधेरे में रहने को मजबूर हैं. पढ़ें पूरी खबर…
Sitamarhi News: बढ़ती गर्मी और भीषण हीटवेव के बीच बिजली की आंखमिचौली ने लोगों की रातों की नींद उड़ा दी है. शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई है. तापमान बढ़ने के कारण ट्रांसफॉर्मरों पर लोड अचानक बढ़ गया है, जिससे केबल जलने की घटनाएं आम हो गई हैं. बुधवार को नुनिया टोला, सिमरा और शांतिनगर कॉटन फैक्ट्री के पास मुख्य केबल जलने से कई मोहल्ले घंटों ब्लैकआउट रहे, जिससे लोगों को बिना पंखे-कूलर के रात काटनी पड़ी.
अधिकारी बेपरवाह, शिकायत सुनने वाला कोई नहीं
स्थानीय उपभोक्ताओं का आरोप है कि इस संकट के समय विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह संवेदनहीन बने हुए हैं. बुधवार रात डुमरा के सिमरा और नारायणपुर में बिजली गुल होने पर जब लोगों ने विभाग के शिकायत नंबर (9264456403) और व्हाट्सएप नंबर (9031633797) पर संपर्क करने की कोशिश की, तो कोई नोटिस नहीं लिया गया. उपभोक्ताओं का कहना है कि कॉल सेंटर पर फोन तक नहीं उठाए जा रहे हैं, जिससे उनकी मानसिक परेशानी और बढ़ गई है.
विभाग का दावा: जल्द बदले जाएंगे अतिरिक्त केबल
इधर, विद्युत विभाग का कहना है कि अत्यधिक लोड के कारण आ रही तकनीकी समस्याओं को तेजी से ठीक किया जा रहा है. समस्या के स्थायी समाधान के लिए अतिरिक्त केबल लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. हालांकि, डुमरा रोड और प्रतापनगर के निवासियों का कहना है कि जब तक जमीनी स्तर पर सुधार नहीं होता, तब तक विभाग के इन दावों पर भरोसा करना मुश्किल है.
सीतामढ़ी से राकेश कुमार राज व डुमरा से रौशन कुमार की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










