सीतामढ़ी: बॉर्डर पर हवाला कारोबारी गिरफ्तार,साइकिल की सीट के नीचे छिपाकर ले जा रहा था ढाई लाख नेपाली करेंसी

Updated:
विज्ञापन
Sitamarhi News Bairgania india nepal border hawala trader arrested nepali currency stashed bicycle seat

गिरफ्तार हवाला कारोबारी

Sitamarhi News: बैरगनिया बॉर्डर पर एसएसबी ने ढाई लाख नेपाली करेंसी के साथ एक हवाला कारोबारी को गिरफ्तार किया है. आरोपी साइकिल की सीट के नीचे पैसे छुपाकर सीमा पार कर रहा था. बैरगनिया पुलिस आगे की जांच कर रही है. जानिए कैसे खुला साइकिल वाला राज…

विज्ञापन

Sitamarhi News: भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी 20वीं बटालियन के जवानों ने सीमा पार करने की कोशिश कर रहे एक शातिर हवाला कारोबारी को दबोचा है. तलाशी के दौरान उसके पास से साइकिल की सीट के नीचे छुपाकर रखी गई लगभग ढाई लाख रुपए मूल्य की नेपाली करेंसी बरामद की गई है. एसएसबी ने आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद गिरफ्तार तस्कर को बैरगनिया थाना पुलिस के हवाले कर दिया है.

बॉर्डर पार करते समय एसएसबी जवानों को हुआ शक

मिली जानकारी के अनुसार, भारत-नेपाल बॉर्डर पर एसएसबी के जवान नियमित गश्त और आने-जाने वालों की सघन तलाशी ले रहे थे. इसी दौरान एक साइकिल सवार युवक नेपाल से भारतीय सीमा में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था. उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखकर सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोक लिया. जब उसकी साइकिल की गहनता से जांच की गई, तो जवान भी हैरान रह गए.

साइकिल की सीट के नीचे मिला नोटों का बंडल

शातिर तस्कर ने पैसे छुपाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया था. उसने साइकिल की सीट (गद्दी) के ठीक नीचे खाली जगह में नेपाली करेंसी के नोटों का बंडल छुपाकर रखा था. एसएसबी के जवानों ने जब सीट को खोला, तो वहां से करीब 2.50 लाख नेपाली रुपए बरामद हुए. करेंसी से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं दिखाने पर जवानों ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया.

गिरफ्तार तस्कर भारतीय नागरिक, पुलिस जांच में जुटी

एसएसबी की पूछताछ में गिरफ्तार तस्कर की पहचान बैरगनिया नगर के वार्ड नंबर-13 निवासी एक भारतीय नागरिक के रूप में की गई है. बैरगनिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस हवाला नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं तथा यह रकम भारत में किसे डिलीवर की जानी थी.

सीतामढ़ी के बैरगनिया से रोशन झा की रिपोर्ट

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन