अग्निशमन विभाग की बड़ी कार्रवाई, बिना फायर NOC चल रहे कोचिंग संस्थानों पर सख्ती

Updated:
विज्ञापन
sitamarhi-fire-safety-check-coaching-centres-notice-fire-noc

सांकेतिक तस्वीर

Sitamarhi Fire Safety Check: सीतामढ़ी में अग्निशमन विभाग ने फायर NOC और सुरक्षा मानकों की जांच के दौरान एक दर्जन कोचिंग एवं लाइब्रेरी सेंटरों को नोटिस जारी किया है. एक सप्ताह में नियमों का पालन नहीं होने पर संस्थानों को सील करने की चेतावनी दी गई है

विज्ञापन

Sitamarhi Fire Safety Check: अनुमंडल अग्निशामालय की टीम ने सोमवार को नगर क्षेत्र के एक दर्जन कोचिंग संस्थानों एवं लाइब्रेरी सेंटरों का निरीक्षण किया. जांच के दौरान अधिकांश संस्थानों में अग्निशमन सुरक्षा के आवश्यक मानकों का पालन नहीं पाया गया. अग्निशमन पदाधिकारी राम कुमार राम के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के बाद सभी संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी किया गया है.

जांच में नहीं मिले अग्निशमन यंत्र

अग्निशमन पदाधिकारी राम कुमार राम ने बताया कि निरीक्षण के दौरान किसी भी कोचिंग संस्थान या लाइब्रेरी में अग्निशमन यंत्र उपलब्ध नहीं मिला. साथ ही अधिकांश संस्थानों ने अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (Fire NOC) भी प्राप्त नहीं किया था.

एक सप्ताह में पूरी करनी होगी प्रक्रिया

फायर विभाग ने सभी संस्थानों को एक सप्ताह के भीतर अग्निशमन सुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने का निर्देश दिया है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि के भीतर निर्देशों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी.

सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य

अग्निशमन विभाग ने निर्देश दिया कि सभी संस्थानों में आपातकालीन निकास (Emergency Exit), अग्निशामक यंत्र, फायर अलार्म सिस्टम और अग्नि चेतावनी प्रणाली की व्यवस्था अनिवार्य रूप से हो. साथ ही सभी सुरक्षा उपकरण कार्यशील स्थिति में रखने के निर्देश दिए गए.

छात्रों और शिक्षकों को किया जागरूक

निरीक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने शिक्षकों एवं छात्रों को आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों और अग्नि सुरक्षा संबंधी जानकारी भी दी. अधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी शैक्षणिक संस्थानों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा.

विज्ञापन
Baidnath Thakur

लेखक के बारे में

By Baidnath Thakur

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन