रीगा में ट्रंक से मिला अधजला शव, हत्या के बाद सबूत मिटाने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

घटनास्थल पर पहुंची भीड़
सीतामढ़ी जिले के रीगा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां कपरौल श्मशान घाट के पास एक ट्रंक में एक अज्ञात व्यक्ति का अधजला शव मिला है. पुलिस हत्या के बाद शव जलाने की आशंका जता रही है और मामले की जांच में जुटी है.
Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिले के रीगा थाना क्षेत्र के कपरौल श्मशान घाट के समीप मंगलवार को एक ट्रंक के अंदर अज्ञात व्यक्ति का अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए.
सूचना पर पुलिस और एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की.
ट्रंक के अंदर मिला अधजला शव
स्थानीय लोगों ने श्मशान घाट के पास ट्रंक में अधजला शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
मौके पर पहुंची रीगा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की. शव बुरी तरह झुलसा होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है.
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए.
शव को आगे की जांच के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर भेजा गया है.
हत्या के बाद शव जलाने की आशंका
रीगा थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को ट्रंक में रखकर कपरौल श्मशान घाट के पास लाकर जलाने का प्रयास किया गया.
हालांकि, मौत के कारण और घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि ट्रंक और शव को घटनास्थल तक कैसे लाया गया और इसमें किन लोगों की भूमिका हो सकती है.
फिलहाल शव की पहचान कराने, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राकेश कुमार राज
राकेश पिछले 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वे प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. राकेश क्राइम रिपोर्टिंग के अलावा सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने के लिए जाने जाते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति और दिलचस्प किस्से-कहानियों में उनकी विशेष रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










