फौजी के 1.20 लाख लेकर फरार घटना. एसबीआइ की मुख्य शाखा से कैश की हुई चोरी
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :12 Jun 2018 3:41 AM (IST)
विज्ञापन

सीतामढ़ी : अगर आप कैश निकासी के लिए शहर के किसी बैंक में जा रहे हैं तो आपको सावधान हो जाना चाहिए. शहर के कतिपय बैंकों में इन दिनों झपट्टा मार गिरोह के सदस्यों की चहलकदमी एक बार फिर शुरू हो गयी है. सोमवार को दिनदहाड़े शहर के बाटा गली स्थित अति व्यस्ततम एसबीआइ की […]
विज्ञापन
सीतामढ़ी : अगर आप कैश निकासी के लिए शहर के किसी बैंक में जा रहे हैं तो आपको सावधान हो जाना चाहिए. शहर के कतिपय बैंकों में इन दिनों झपट्टा मार गिरोह के सदस्यों की चहलकदमी एक बार फिर शुरू हो गयी है.
सोमवार को दिनदहाड़े शहर के बाटा गली स्थित अति व्यस्ततम एसबीआइ की मुख्य शाखा में गिरोह के सदस्यों ने एक फौजी को चूना लगाया. बैंक की तमाम सुरक्षा व्यवस्था को धत्ता बताते हुए दो युवक व एक बालक कैश निकासी को बैंक आये फौजी हेमंत कुमार की बैग लेकर आराम से निकल गया. उक्त बैग में 1.20 लाख रुपये रखे थे. पीड़ित श्री कुमार सुरसंड थाना क्षेत्र के भिट्ठा बाजार निवासी राम पदारथ साह के पुत्र हैं. बैंक से कैश से भरा बैग गायब होने की खबर से अफरातफरी मच गयी.
उचक्कों ने उस वक्त घटना को अंजाम दिया, जब फौजी हेमंत कुमार बैंक शाखा के लोन अफसर से लोन के संबंध में बात कर रहे थे. इसी क्रम में दो युवक के साथ आया बालक कैश से भरा लाल रंग का बैग लेकर तेजी से बाहर निकल गया.
सूचना मिलने पर नगर थानाध्यक्ष शशिभूषण सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचकर छानबीन की. बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज में इन उचक्कों की करतूत कैद हो गयी. पूरी घटना के संबंध में पीड़ित फौजी ने नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
पूर्व में भी बदमाशों ने ग्राहकों को लगाया है चूना: पीड़ित ने बताया है कि एसबीआइ बाजार शाखा में उसने बचत खाता खुलवाया है. खाता से 1.20 लाख रुपये की निकासी कर वह अपने साथ लाये गये लाल रंग के स्कूली बैग में रख लिया.
लोन के संबंध में बातचीत के लिए वह लोन अफसर के केबिन में गया. दो युवक व एक बालक उसके पीछे-पीछे वहां तक गया. लोन के संबंध में जब वह बातचीत में मशगूल हो गया, तो उचक्कों में शामिल बालक बैग लेकर तेजी से निकल गया. शहर के बैंकों में उचक्का गिरोह की यह करतूत कोई नयी नहीं है. इससे पूर्व भी गिरोह के बदमाशों ने कई ग्राहकों को चूना लगाया है. गिरोह के कुछ सदस्य पुलिस के हत्थे भी चढ़े हैं, लेकिन गिरोह के हैंडलर की पहचान नहीं की जा सकी है. आम दिनों में ग्राहकों की भीड़ तथा सुरक्षा घेरा मजबूत रहने के बाद भी एसबीआइ शाखा से कैश गायब हो जाना हतप्रभ करने वाली घटना है.
जांच में जुटी पुलिस
झपट्टा मार गिरोह के बदमाशों पर पुलिस को शक
स्कूली बैग में कैश रखकर लोन अफसर से बातचीत में मशगूल थे फौजी हेमंत कुमार
सीसीटीवी फुटेज में दिखा बदमाशों की करतूत
ग्राहक सावधानी बरतें
बैंक से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है. इसमें अपराधियों का हुलिया देखा गया है. इस आधार पर इन बदमाशों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है. वैसे बैंक जाते व आते वक्त ग्राहकों को पूरी सावधानी बरतनी चाहिए.
शशि भूषण सिंह,नगर थानाध्यक्ष, सीतामढ़ी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










