ePaper

श्रीबाबू की जयंती: अखिलेश सिंह ने की राजद सुप्रीमो की तारीफ, अजय कपूर ने बताया लालू यादव को बिहार का पिता

Updated at : 26 Oct 2023 7:20 PM (IST)
विज्ञापन
श्रीबाबू की जयंती: अखिलेश सिंह ने की राजद सुप्रीमो की तारीफ, अजय कपूर ने बताया लालू यादव को बिहार का पिता

अखिलेश प्रसाद सिंह ने राजद सुप्रीमो लालू यादव की तारीफ में जमकर कसीदे पढ़े. वहीं प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सचिव अजय कपूर ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद बिहार को वह बिहार का पिता मानते हैं.

विज्ञापन

पटना. बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने राजद सुप्रीमो लालू यादव की तारीफ में जमकर कसीदे पढ़े. वहीं प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सचिव अजय कपूर ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद बिहार को वह बिहार का पिता मानते हैं. राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने लालू प्रसाद की ओर इशारा करते हुए कहा कि एकबार फिर सांप्रदायिकता के रथ को रोकने की जरूरत है.

लालू समेत शामिल हुए कई नेता

गुरुवार को सदाकत आश्रम में कांग्रेस की ओर से श्रीकृष्ण सिंह की 136वीं जयंती मनाई गई. इस कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव, शकील खान, मदन मोहन झा सहित कई राजनीतिक दिग्गज शामिल हुए. इस कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने लालू प्रसाद यादव को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि यदि बिहार में कांग्रेस को लालू प्रसाद यादव का साथ मिला तो कांग्रेस बीजेपी को सत्ता से भगाएगी. लालू यादव के कारण ही अब अगले लोकसभा चुनाव में बीजेपी का बिहार में खाता नहीं खुलेगा. लालू यादव के नेतृत्व में कांग्रेस बीजेपी को बिहार से भगाएगी.

लालू यादव आगे-आगे चलें

अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि लालू यादव में इतनी शक्ति है कि मोदी को सत्ता से हटा सकते हैं. लालू यादव आगे आगे चलें, कांग्रेस के पूरे कार्यकर्ता साथ हैं. लालू यादव पर एजेंसियों की कार्रवाई पर उन्होंने कहा कि जब जब चुनाव आता है ईडी और सीबीआई एक्शन में आ जाती है. लालू प्रसाद यादव को बीजेपी ने साजिश के तहत जेल भिजवाया, लेकिन अब बिहार में कांग्रेस और आरजेडी के एक साथ रहने से ‘इंडिया’ गठबंधन की भारी जीत होगी.

Also Read: लालू यादव करेंगे गांधी मैदान में रैली, बोले- जनसंख्या के हिसाब से होगा देश में सत्ता का बंटवारा

बीजेपी का बिहार में खाता नहीं खुलेगा

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि श्रीकृष्ण बाबू के ऐतिहासिक कामों का जिक्र करने वाले कई लोग रहे, लेकिन उनकी जयंती मनाने वाले लोग उनकी जाति यानी भूमिहार में भी नहीं थे. अखिलेश सिंह ने कहा कि लालू यादव ही वह शख्सियत हैं जिन्होंने सबसे पहले मुझसे कहा कि था कि तुम्हारी जाति के लोग श्रीकृष्ण बाबू की जयंती नहीं मनाते. लालू यादव की प्रेरणा से ही वे हर वर्ष श्रीकृष्ण बाबू की जयंती मनाते हैं. अब लालू यादव के ‘इंडिया’ गठबंधन में साथ आने से यह तय हो गया है कि अगले चुनाव में बीजेपी का बिहार में खाता नहीं खुलेगा.

अखिलेश प्रसाद सिंह ने की श्रीकृष्ण सिंह की तारीफ

कांग्रेस नेता ने श्रीकृष्ण बाबू को आधुनिक बिहार का शिल्पकार करार दिया. उन्होंने कहा कि श्री बाबू के समय बिहार में देश का 27 प्रतिशत चीनी उत्पादन होता था. उन्होंने उस जमींदारी उन्मूलन एक्ट को लागू किया, जिसमें अधिकतर जमींदार भूमिहार थे. श्रीबाबू के समय ही देवघर मंदिर में दलितों का प्रवेश हुआ. उन्होंने किशनगंज और चाईबासा को बिहार से अलग करने की पहल का विरोध किया था और कहा था कि जनता कोई शतरंज की गोटी नहीं है. तभी किशनगंज और चाईबासा बिहार में रह पाया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन