Sheikhpura News : 18 करोड़ के आलीशान प्रखंड कार्यालय में पीने के पानी की व्यवस्था ठप, भीषण गर्मी में पानी को तरस रहे

Published by : Rajeev Kumar Updated At : 21 May 2026 1:08 PM

विज्ञापन

प्रखंड कार्यालय में महिला

प्रखंड मुख्यालयों को आधुनिक बनाने के सरकारी दावों की पोल शेखोपुरसराय में खुलती नजर आ रही है. यहां करोड़ों रुपये खर्च कर आलीशान और आधुनिक प्रखंड कार्यालय भवन तो खड़ा कर दिया गया, लेकिन आम जनता की सबसे बुनियादी जरूरत—पीने के पानी—की घोर अनदेखी की जा रही है.

विज्ञापन

Sheikhpura News : (चतुरानन्द मिश्रा) प्रखंड मुख्यालयों को आधुनिक बनाने के सरकारी दावों की पोल शेखोपुरसराय में खुलती नजर आ रही है. यहां करोड़ों रुपये खर्च कर आलीशान और आधुनिक प्रखंड कार्यालय भवन तो खड़ा कर दिया गया, लेकिन आम जनता की सबसे बुनियादी जरूरत—पीने के पानी—की घोर अनदेखी की जा रही है. लगभग 18 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से बने इस नए प्रखंड कार्यालय परिसर में पिछले दो वर्षों से पीने के पानी की समुचित व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है.

मजबूरी में 20 रुपये की पानी बोतल खरीद रहे ग्रामीण, अधिकारियों के कमरे चकाचक

इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच रोज़ाना सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण अपने विभिन्न सरकारी कार्यों (जैसे- जाति, आवासीय प्रमाण पत्र, राशन कार्ड या पेंशन) के लिए दूर-दराज के गांवों से प्रखंड कार्यालय पहुंचते हैं. परिसर में कदम रखते ही उन्हें पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है.

दो साल से मिल रहा सिर्फ आश्वासन, धरातल पर सब शून्य

सरकारी कार्यालयों में बुनियादी सुविधाओं का न होना सीधे तौर पर प्रखंड प्रशासन की कार्यशैली और संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल खड़े करता है. आम लोगों का कहना है कि जब सरकार के नाक के नीचे ही बुनियादी सुविधाएं दम तोड़ रही हैं, तो सुदूर गांवों की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है.

हालत इतनी बदतर है कि गरीब ग्रामीणों को मजबूरी में अपनी जेब ढीली कर 20 रुपये की पानी की बोतल खरीदकर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है. ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि करोड़ों की इस आलीशान बिल्डिंग में बैठे अधिकारियों के कमरों में तो वातानुकूलित (AC) हवा और ठंडे पानी की तमाम सुविधाएं मौजूद हैं, लेकिन जनता के लिए एक वाटर कूलर या ठंडे पानी की मशीन तक नहीं लगाई जा सकी है.

बीडीओ ने कहा- मशीन रखी है, जल्द लग जाएगी”

जब इस पेयजल संकट को लेकर शेखोपुरसराय के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) अमित गौरव से बात की गई, तो उन्होंने बेहद घिसा-पिटा जवाब देते हुए कहा कि “मशीन रखी हुई है, जल्द लग जाएगी. हालांकि, अधिकारी के इस दावे पर स्थानीय लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो वर्षों से हर गर्मी में प्रशासन द्वारा यही रटा-रटाया आश्वासन दिया जाता है, लेकिन आज तक यह व्यवस्था धरातल पर नहीं उतर सकी है. थक-हारकर अब जनता ने शेखपुरा जिला प्रशासन और जिलाधिकारी से गुहार लगाई है कि आम लोगों की सुध लेते हुए प्रखंड कार्यालय में तत्काल शुद्ध व ठंडे पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए.

Also Read: Shekhpura News: एनडीए सरकार ने अधिकारियों को जनता के प्रति जवाबदेह बनाया: मंत्री श्वेता गुप्ता

विज्ञापन
Rajeev Kumar

लेखक के बारे में

By Rajeev Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन