Sheikhpura News : कसार में दो बच्चों की हत्या के 48 घंटे बाद भी सुराग नहीं; जांच के लिए SIT गठित
Published by : Rajeev Kumar Updated At : 21 May 2026 8:59 AM
शव मिलने के बाद जांच करती पुलिस टीम
Sheikhpura News : (रंजीत कुमार) जिले की अरियरी प्रखंड अंतर्गत कसार गांव में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं. इस खौफनाक वारदात में कसार गांव के ही दो बच्चों, अंकुश कुमार और प्रिंस कुमार की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. […]
Sheikhpura News : (रंजीत कुमार) जिले की अरियरी प्रखंड अंतर्गत कसार गांव में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं. इस खौफनाक वारदात में कसार गांव के ही दो बच्चों, अंकुश कुमार और प्रिंस कुमार की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. हत्यारों ने साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से दोनों शवों को बोरों में बंद किया, पत्थरों से बांधा और गांव के ही एक तालाब में फेंक दिया था.
ग्रामीणों ने तालाब में बोरों को तैरते देखा
मंगलवार की सुबह जब ग्रामीणों ने तालाब में संदेहास्पद बोरों को तैरते देखा, तब इस खौफनाक वारदात का खुलासा हुआ. इस मामले में पीड़ित परिजनों की शिकायत पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई है, लेकिन पुलिस फिलहाल किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है.
परिजन से मिले एसपी, एएसपी के नेतृत्व में होगी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार की देर शाम पुलिस अधीक्षक (SP) बलीराम चौधरी ने खुद घटनास्थल का जायजा लिया. उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और उन्हें ढांढस बंधाया. वारदात के त्वरित उद्भेदन के लिए एसपी ने एएसपी राकेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है. इस एसआईटी में कसार, अरियरी समेत आसपास के कई थानों के थानाध्यक्षों को शामिल किया गया है. पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिए घटनास्थल से कुछ अहम साक्ष्य जुटाए हैं.
आंदोलन के मूड में भाकपा माले, 24 मई को ‘प्रतिरोध मार्च’
कसार हत्याकांड को लेकर जिले में कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर राजनीतिक उबाल आ गया है. भाकपा माले ने बढ़ते अपराध के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है. इस संबंध में कसार गांव में एक बैठक आयोजित कर रणनीति बनाई गई. माले नेता कमलेश कुमार मानव एवं कमलेश कुमार ने कहा कि अबोध बालकों की इस तरह पत्थर से बांधकर हत्या करना अपराधियों की खूंखार और विक्षिप्त मानसिक प्रवृत्ति को दर्शाता है। जिले में लगातार अपराध बढ़ रहा है. इसके खिलाफ 24 मई को जिला मुख्यालय पर भाकपा माले द्वारा विशाल ‘प्रतिरोध मार्च’ निकाला जाएगा.
आज कसार पहुंचेंगे जमुई सांसद अरुण भारती
इस दोहरे हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। सांत्वना देने और स्थिति का जायजा लेने के लिए जमुई सांसद अरुण भारती आज कसार गांव का दौरा करेंगे. लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष इमाम गजाली ने बताया कि घटना के दिन ही सांसद को इस वीभत्स घटना से अवगत करा दिया गया था, जिस पर उन्होंने गहरी संवेदना व्यक्त की थी. सांसद आज पीड़ित परिजनों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगे और न्याय का भरोसा दिलाएंगे. स्थानीय लोगों की नजरें अब पुलिस और एसआईटी की कार्रवाई पर टिकी हैं कि कब तक इस बर्बर हत्याकांड के असली चेहरे बेनकाब होते हैं.
Also Read: शेखपुरा में करंट लगने से सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत, सफाई के दौरान हुआ हादसा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










