डीएम ने की समीक्षा बैठक: माय भारत पोर्टल में युवाओं के अधिकाधिक पंजीकरण पर जोर

MY भारत जिला सलाहकार समिति की बैठक में डीएम शेखर आनंद. | Prabhat Khabar Network
Sheikhpura News : शेखपुरा में 'माय भारत' जिला सलाहकार समिति की बैठक में युवाओं की सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया गया. डीएम शेखर आनंद ने पोर्टल पंजीकरण, कैंपस एम्बेसडर बनाने और युवा क्लबों को जोड़ने के निर्देश दिए.
Sheikhpura News : शेखपुरा समाहरणालय सभागार में डीएम शेखर आनंद की अध्यक्षता में माय भारत (MY Bharat) जिला सलाहकार समिति की बैठक का आयोजन किया गया. इस महत्वपूर्ण बैठक में जिले में माय भारत पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन, युवाओं की सहभागिता बढ़ाने तथा विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के सफल संचालन को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई.
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए बताया कि माय भारत पोर्टल पर अधिकतम संख्या में युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करें. इसके लिए सभी संबंधित विभागों एवं शैक्षणिक संस्थानों को युवाओं को इस पोर्टल से जोड़ने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने तथा तय लक्ष्य के अनुरूप पंजीकरण कराने का सख्त निर्देश दिया गया.
शिक्षण संस्थानों में कैंपस एम्बेसडर बनाने का निर्णय
इसके साथ ही जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में माय भारत के नोडल पदाधिकारियों एवं कैंपस एम्बेसडरों के नामांकन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया, ताकि संस्थागत स्तर पर युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा सके.
बैठक में युवा क्लब विकास समिति (YCDC) के गठन तथा सभी युवा क्लबों का माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराने की कार्ययोजना पर भी गंभीरता से चर्चा की गई. संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अधिक से अधिक युवा क्लबों को इस पोर्टल से जोड़कर उन्हें विभिन्न सामाजिक एवं विकासात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागी बनाएं. बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सम्बन्धित विभागों के आपसी समन्वय से अनुभवात्मक अधिगम कार्यक्रम का नियमित संचालन किया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं को व्यवहारिक ज्ञान एवं कौशल विकसित करने का बेहतर अवसर प्राप्त हो सके.
सरकारी भवन में उपलब्ध कराया जाएगा किराया-मुक्त कार्यालय
इसके अतिरिक्त माय भारत, शेखपुरा के सुचारु व व्यवस्थित संचालन हेतु किसी सरकारी भवन में किराया-मुक्त कार्यालय उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी गंभीरता से विचार किया गया तथा इस दिशा में जल्द ही आवश्यक कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया.
बैठक के अंत में सभी संबंधित विभागों एवं संस्थानों से आपस में बेहतर समन्वय स्थापित कर माय भारत कार्यक्रम को जिले में पूर्ण रूप से सफल बनाने तथा अधिकाधिक युवाओं को इससे जोड़ने का आह्वान किया गया. इस विशेष अवसर पर जिले के सभी कॉलेजों के प्राचार्य, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला उद्योग पदाधिकारी एवं अन्य सम्बन्धित पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे.
Also Read : आरा: ऑटो और बाइक की टक्कर में बुजुर्ग की मौत, पटना ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम; पांच लोग घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










