शेखपुरा : आदर्श ग्राम योजना को लेकर देवपुरी में घर-घर सर्वे, विकास योजना बनाने की तैयारी
देवपुरी गांव में अजय ऐप पर सर्वे करते अधिकारी व कर्मी | Prabhat Khabar Network
Sheikhpura News : शेखपुरा जिले में प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत आदर्श ग्राम योजना का क्रियान्वयन ज़ोरों पर है. 'अजय' मोबाइल ऐप के ज़रिए चयनित 21 गांवों में गहन सर्वे किया जा रहा है.
Sheikhpura News : प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत संचालित आदर्श ग्राम योजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर शेखपुरा जिले में 'अजय' मोबाइल ऐप के माध्यम से सर्वेक्षण अभियान काफी तेजी से चल रहा है.
आपके शहर में
जिला पदाधिकारी शेखर आनंद के निर्देशानुसार चयनित गांवों में गहन सर्वे कर ग्राम विकास योजना तैयार की जा रही है. इसी क्रम में अरियरी प्रखंड के देवपुरी गांव में सर्वे का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है. अधिकारियों के अनुसार, गांव के करीब 159 घरों का सर्वे पूरी तरह से किया जा चुका है.
21 गांवों का चयन, 50 मानकों पर तैयार होगी विकास योजना
जिला प्रशासन के अनुसार, जिले के कुल 21 गांवों का चयन इस विशेष योजना के लिए किया गया है. इस योजना में केवल उन्हीं गांवों को शामिल किया गया है, जहां वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार अनुसूचित जाति की आबादी कम से कम 40 प्रतिशत अथवा न्यूनतम 500 है.
इस सर्वे के आधार पर पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, आवास, बिजली, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, वित्तीय समावेशन, डिजिटलीकरण, आजीविका एवं कौशल विकास सहित 10 प्रमुख क्षेत्रों के 50 मानकों पर एक सुदृढ़ ग्राम विकास योजना तैयार की जाएगी. इसके बाद ग्राम सभा से सर्वसम्मति से स्वीकृति लेकर जिला स्तर पर अंतिम अनुमोदन दिया जाएगा.
सर्वे अभियान के दौरान कई अधिकारी व कर्मी रहे मौजूद
देवपुरी में आयोजित इस विशेष सर्वे अभियान के दौरान मुख्य रूप से कल्याण पदाधिकारी रिचा शिवानी, पंचायत सचिव अर्जुन राउत, पंचायत रोजगार सेवक प्रदीप कुमार, किसान सलाहकार कुमारी शबनम, विकास मित्र रीना कुमारी, आवास सहायक सुधीर रविदास, डाटा ऑपरेटर गौरव कुमार तथा स्वच्छता पर्यवेक्षक वीरेंद्र कुमार सक्रिय रूप से मौजूद रहे.
Also Read : आरा: ऑटो और बाइक की टक्कर में बुजुर्ग की मौत, पटना ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम; पांच लोग घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए