बिहार दारोगा भर्ती परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा, मुन्ना भाई समेत चार धराए, महिला निकली मास्टरमाइंड
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 21 Jan 2026 9:55 PM
पकड़े गए कैंडिडेट्स की तस्वीर (गोल घेरे में मास्टरमाइंड महिला)
Bihar Crime News: दरोगा भर्ती परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है. शेखपुरा में दूसरे के बदले परीक्षा देते एक मुन्ना भाई समेत चार लोग पकड़े गए हैं. जिसमें एक महिला को पूरे गिरोह की मास्टर माइंड बताया जा रहा है.
Bihar Crime News: बिहार के शेखपुरा जिले में दरोगा भर्ती परीक्षा के दौरान एक बार फिर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है. दूसरे के बदले परीक्षा दे रहे एक ‘मुन्ना भाई’ सहित चार लोगों को पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ लिया है. चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरे खेल की मास्टरमाइंड एक महिला बताई जा रही है, जो नालंदा जिले की रहने वाली है.
यह कार्रवाई शेखपुरा शहर के डीएम प्लस टू उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र पर हुई. एसपी बलिराम कुमार चौधरी ने बताया कि परीक्षा के दौरान संदेह होने पर जांच की गई. इसी दौरान दूसरे कैंडिडेट के बदले परीक्षा दे रहा कुंदन कुमार पकड़ा गया. कुंदन नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के बेलसर गांव का रहने वाला है.
पकड़े गए आरोपियों में एक महिला भी शामिल
पुलिस जांच में सामने आया कि कुंदन को परीक्षा दिलाने में तीन अन्य लोग भी मदद कर रहे थे. इन्हें परीक्षा केंद्र के बाहर से गिरफ्तार किया गया. पकड़े गए आरोपियों में एक 32 वर्षीय महिला भी शामिल है, जिसे इस पूरे गिरोह की मास्टर माइंड बताया जा रहा है. महिला की पहचान सोनल कुमारी के रूप में हुई है. वह नालंदा जिले के बिहारशरीफ के खंदकपर मोहल्ले की रहने वाली है.
इसके अलावा, नूरसराय थाना क्षेत्र के सैदी गांव निवासी राजीव कुमार और एक वाहन चालक को भी हिरासत में लिया गया है. सभी से गहन पूछताछ की जा रही है.
पुलिस ने सोनल मैडम का मोबाइल किया जब्त
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोनल मैडम का मोबाइल जब्त कर लिया गया है. मोबाइल की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. व्हाट्सएप चैट में दर्जनों अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड मिले हैं. अलग-अलग परीक्षाओं से जुड़े डिजिटल सबूत भी सामने आए हैं. आशंका है कि यह गिरोह सिर्फ दरोगा भर्ती परीक्षा ही नहीं, बल्कि अन्य परीक्षाओं में भी सेटिंग कर रहा था.
जांच में यह भी सामने आया है कि सोनल मैडम ने कुंदन को दूसरे के बदले परीक्षा देने के लिए 30 हजार रुपये देने का वादा किया था. इसके अलावा आने-जाने और अन्य खर्च भी तय थे. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है.
‘मुन्ना भाई’ नाम बदलकर आया था परीक्षा देने
परीक्षा केंद्र पर पकड़े जाने के बाद मुन्ना भाई ने पुलिस को चकमा देने की भी कोशिश की. उसने अपना नाम बदलकर आदित्य कुमार बताया. परीक्षा केंद्र प्रशासन ने उसके बताए नाम से आवेदन भी तैयार कर लिया था. लेकिन जब आदर्श थाना के थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और सख्ती से पूछताछ की, तो कुंदन टूट गया. उसने अपना असली नाम कबूल कर लिया.
इसके बाद आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों से पहचान की पुष्टि की गई. पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है.
एसपी ने क्या बताया?
एसपी ने बताया कि जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी गई थी. इसके बावजूद करीब 25 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है. जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










