Sheohar Police Inspection: डीआईजी ने लिया शिवहर पुलिस कार्यालय का जायजा, बेहतर कार्यशैली के लिए अधिकारियों को टोका

शिवहर पुलिस कार्यालय और केंद्र का निरीक्षण करने जाते डीआइजी सुशील कुमार
Sheohar Police Inspection:डीआईजी सुशील कुमार ने शिवहर पुलिस कार्यालय और केंद्र का निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की.वहीं एसपी शैलेन्द्र सिंह के निर्देश पर सभी थानों में चौकीदारी परेड कराकर शराब धंधेबाजों और उपद्रवियों पर कड़ी नजर रखने की चेतावनी दी गई.
शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट
Sheohar Police Inspection: बिहार पटना के विधिक मामले एवं नियम पुलिस उप-महानिरीक्षक सुशील कुमार शिवहर समाहरणालय पहुंचे.वहां उन्होंने गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी ली. इसके बाद शिवहर पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह ने उन्हें बुके देकर गर्मजोशी से स्वागत किया.इस दौरान पुलिस उप-महानिरीक्षक द्वारा शिवहर पुलिस कार्यालय एवं पुलिस केंद्र शिवहर का विस्तृत निरीक्षण किया गया.
अभिलेखों और व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस कार्यालय के महत्वपूर्ण अभिलेखों, दैनिक कार्यालयीन कार्यों तथा उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया.साथ ही इस अवसर पर उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यों के प्रभावी, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करने का आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किया.डीआईजी ने कहा कि आम जनता की शिकायतों का समय पर निवारण करना पुलिस की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए.मौके पर डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह, ट्रैफिक डीएसपी भाई भरत कुमार, एसडीपीओ अनुशील कुमार, इंस्पेक्टर सह प्रभारी नगर थानाध्यक्ष मंजर आलम समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे.
सभी थानों में चौकीदारी परेड का आयोजन
वही दूसरी ओर पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार रविवार को जिलांतर्गत सभी थानों में थानाध्यक्षों के नेतृत्व में विशेष चौकीदारी परेड का आयोजन किया गया.इस परेड में शामिल सभी चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्र के अंतर्गत होने वाली हर छोटी-बड़ी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए.उन्हें आसूचना संग्रह मजबूत करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना वरीय अधिकारियों को अविलंब अवगत कराने को कहा गया.
शराब धंधेबाजों और उपद्रवियों पर सख्त एक्शन की चेतावनी
चौकीदारी परेड के दौरान क्षेत्र के उपद्रवी तत्वों पर कड़ी नजर रखने का विशेष निर्देश दिया गया.इसके साथ ही शराब, शराबी एवं अवैध शराब के धंधेबाजों को लेकर भी चौकीदारों को विशेष रूप से अलर्ट रहने को कहा गया.एसपी ने सख्त चेतावनी दी कि जिस क्षेत्र में भी शराब बेचने या पीने का मामला सामने आएगा, वहां के संबंधित चौकीदार से सीधे जवाब-तलब करते हुए विभागीय कार्रवाई की जाएगी.इसके अलावा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए अन्य कई जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










