रोहतास NH-319 पर देर रात दो बाइकों की भिड़ंत, तीन युवक गंभीर रूप से घायल, सदर अस्पताल रेफर

सीएचसी में घायलों का उपचार करते चिकित्सक | Prabhat Khabar Network
कोचस के बाराडीह मोड़ पर दो बाइकों की टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
Rohtas Road Accident : कोचस थाना क्षेत्र के बाराडीह मोड़ के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-319 पर रविवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोचस पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
तीनों घायलों की हालत गंभीर
चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अखिलेश कुमार ने बताया कि घायलों की पहचान कोचस नगर पंचायत के वार्ड संख्या चार निवासी ओमप्रकाश पांडेय, नोखा थाना क्षेत्र के भावाडीह निवासी दिनेश चौबे और कोचस थाना क्षेत्र के अंदौर गांव निवासी दिनानाथ चौबे के रूप में हुई है. तीनों के शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं.
विपरीत दिशा से आ रही बाइक से हुई टक्कर
घायलों ने बताया कि वे परसथुआं से कोचस लौट रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही एक बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकें अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गईं और सवार गंभीर रूप से घायल हो गए.
बाराडीह मोड़ बनता जा रहा हादसों का केंद्र
गौरतलब है कि इसी स्थान पर गत बुधवार को भी ट्राइसाइकिल और बाइक की टक्कर में एक दिव्यांग सहित तीन लोग घायल हो गए थे. लगातार हो रहे सड़क हादसों के कारण बाराडीह मोड़ की सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










