Sasaram News : सीओ सदर कार्यालय में भीम आर्मी के पूर्व जिलाध्यक्ष ने जड़ा ताला, हंगामा

Published by : PRABHANJAY KUMAR Updated At : 22 Sep 2025 9:23 PM

विज्ञापन

सदर अंचल कार्यालय में जमीन के दलालों का बोलबाला है. आमलोगों का कार्य नहीं हो रहा है.

विज्ञापन

सासाराम नगर. सदर अंचल कार्यालय में जमीन के दलालों का बोलबाला है. आमलोगों का कार्य नहीं हो रहा है. सोमवार को इस मामले को लेकर भीम आर्मी के चेनारी विधानसभा प्रभारी सह पूर्व जिलाध्यक्ष अमित पासवान ने जमकर बवाल काटा. उन्होंने करीब एक घंटे तक अंचल कार्यालय का गेट बंद रखा. इस दौरान सासाराम सीओ मुर्दाबाद और कार्यालय में रहने का समय निर्धारित करने का नारा लगाया. हालांकि, इस दौरान सीओ संजय कुमार रौनियार अंचल कार्यालय में बैठे थे और लोगों की समस्याएं सुन रहे थे. इसी दौरान अमित पासवान कार्यालय में जाने का प्रयास किये, जिन्हें सुरक्षा प्रहरी ने रोक दिया. इसके बाद वह आग बबूला हो गये. मामला बढ़ता देख सीओ अपने कार्यालय से बाहर निकलकर चले गये. इस संबंध में अमित पासवान ने कहा कि अंचल कार्यालय पर सीओ कुछ लोगों के माध्यम से जमीन संबंधी कार्य कराते हैं. आमलोगों का कार्य नहीं हो रहा है. यहीं हाल पूरे जिले के अंचल कार्यालयों का है. आज कुछ देर के लिए ताला जड़ा गया था. अगर स्थिति ऐसी ही बनी रही, तो आनेवाले समय में अंचल कार्यालय पर भीम आर्मी के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर तालाबंदी करेंगे. हालांकि, इस संबंध में सीओ ने कहा कि मुझसे कोई ऐसी बात नहीं हुई. मैं अपने कार्यालय में बैठा लोगों की शिकायतें सुन रहा था. इसी दौरान वह मेरे कार्यालय में आने का प्रयास कर रहे थे, जिसे सुरक्षा प्रहरी ने रोक दिया और उसी पर वह भड़क कर गलत आरोप लगा रहे हैं. सीओ ने कहा कि अब अंचल कार्यालय में किसी कार्य से आनेवाले आवेदकों से ही बात की जायेगी. अगर दूसरा कोई आवेदन लेकर आयेगा, तो उनपर एफआइआर दर्ज करायी जायेगी. निगरानी ने घुस लेते दबोचा था ऑपरेटर को— 24 मई 2025 को सदर अंचल के ऑपरेटर आकाश को निगरानी ने 1.10 लाख रुपये घुस लेते रंगे हाथ दबोचा था, जिसके कुछ दिन बाद ही तत्कालीन सीओ सुधीर कुमार ओंकारा अपना स्थानांतरण कराकर यहां से चले गये थे. निगरानी के हाथों दबोचे गये ऑपरेटर ने स्वीकार किया था कि सीओ के कहने पर वह शहर के प्रतापगंज निवासी स्व अलगु सिंह का बेटा पंकज कुमार से इस राशि को ले रहा था.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PRABHANJAY KUMAR

लेखक के बारे में

By PRABHANJAY KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन