पति की सदमे में जहर खायी पत्नी की इलाज के दौरान वाराणसी में मौत

Published by : ANURAG SHARAN Updated At : 01 Apr 2026 5:39 PM

विज्ञापन

24 मार्च को मुरादाबाद गांव में तलवार गोदकर कर दी गयी थी पति हसन रजा खान की हत्या

विज्ञापन

मां के साथ बच्चों ने भी खाया था जहर, फिलहाल खतरे से बाहर हैं दोनों बच्चे

माता-पिता दोनों को खो चुके दो मासूमों के सिर से उठा साया

24 मार्च को मुरादाबाद गांव में तलवार गोदकर कर दी गयी थी पति हसन रजा खान की हत्या

प्रतिनिधि, सासाराम ग्रामीण

अगरेर थाना क्षेत्र के बाराडीह गांव निवासी हसन रजा खान की पत्नी रेशमा खातून की बुधवार को इलाज के दौरान वाराणसी में मौत हो गयी. पति की नृशंस हत्या के सदमे में रेशमा ने गत सोमवार की रात अपने दो बच्चों के साथ जहर खा लिया था. हालांकि, ईश्वर की कृपा से उनके दोनों बच्चे सुरक्षित हैं और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है. रेशमा की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, समूचा इलाका शोक में डूब गया.

वर्चस्व की जंग ने उजाड़ा हंसता-खेलता परिवार

विदित हो कि मुरादाबाद और रसूलपुर गांव के दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई में बाराडीह निवासी 32 वर्षीय हसन रजा खान की बेरहमी से हत्या कर दी गयी थी. मुरादाबाद गांव में उन्हें पकड़कर पहले रॉड से पीटा गया और फिर तलवार से गोदकर मौत के घाट उतार दिया गया था. इस मामले में मृतक की मां शदीना खातून के बयान पर मुफस्सिल थाने में सात लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है.

अनाथ हुए मासूम, कौन करेगा परवरिश

पति की मौत के बाद से ही रेशमा खातून गहरे मानसिक तनाव और सदमे में थी. जब उससे यह दुख बर्दाश्त नहीं हुआ, तो उसने आत्मघाती कदम उठाते हुए बच्चों संग जहर निगल लिया. स्थिति बिगड़ने पर परिजनों ने तीनों को निजी क्लिनिक में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत में रेशमा को वाराणसी रेफर किया गया था. बुधवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. अब इन दोनों मासूमों के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया है. घर में केवल वृद्ध दादी बची हैं, जिससे बच्चों की परवरिश और भविष्य पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है.

क्या कहते हैं अधिकारी

इस मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. मुख्य आरोपित सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. रेशमा खातून की मौत के कारणों और परिस्थितियों की भी गहनता से जांच की जा रही है. जांच प्रतिवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी.

-राजीव रंजन सिंह, थानाध्यक्ष, सासाराम मुफस्सिल.

विज्ञापन
ANURAG SHARAN

लेखक के बारे में

By ANURAG SHARAN

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन