रोहतास में छात्रों से भरी स्कूल वैन पलटी, मची चीख-पुकार, आधा दर्जन बच्चे घायल
बिहार के कोचस में सैंडबॉक्स इंटरनेशनल स्कूल की वैन पलटने से आधा दर्जन बच्चे घायल हो गए। दो छात्रों की हालत गंभीर होने पर उन्हें सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
Rohtas News : रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र के ओझवलिया गांव स्थित तीखे मोड़ के समीप मंगलवार दोपहर छात्रों से भरी एक निजी स्कूल की मैजिक वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. हादसे के बाद वैन में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई. आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला. दुर्घटना में करीब आधा दर्जन बच्चे घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें सदर अस्पताल रेफर किया गया.
घर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कोचस गंगवलिया वन स्थित सैंडबॉक्स इंटरनेशनल स्कूल में ओझवलिया, पदमसीडिहरा, शिवपुर, सेमरियां, गोविंदपुर, राजनडीह, फुल्ली और सरेयां सहित कई गांवों के 60 से अधिक बच्चे पढ़ते हैं. बच्चों के आवागमन के लिए प्रतिदिन कई वाहन संचालित किए जाते हैं. मंगलवार को छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही मैजिक वैन ओझवलिया गांव के पास तीखे मोड़ पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई.
ग्रामीणों ने बचाई बच्चों की जान
वैन पलटते ही बच्चे एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े और कुछ छोटे बच्चे सड़क किनारे पानी और कीचड़ में फंस गए. बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला. हादसे के बाद अभिभावक भी घटनास्थल पर पहुंच गए.
दो बच्चों को सदर अस्पताल किया गया रेफर
अधिकांश घायल बच्चों का निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया. कई बच्चों के सिर, हाथ, पैर, पेट और पीठ में चोटें आई हैं. वहीं, सेमरियां गांव निवासी आशुतोष तिवारी के 10 वर्षीय पुत्र शोभित कुमार और मुकेश तिवारी की 12 वर्षीय पुत्री राधिका कुमारी को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
घटना के बाद अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया. उनका कहना है कि लंबे समय से एक ही वाहन में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर लाया और ले जाया जा रहा था. कई बार स्कूल संचालक से अतिरिक्त वाहन चलाने और पुराने वाहन को बदलने की मांग की गई, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया. अभिभावकों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










