रोहतास: बलुआही गांव में 5 डिसमिल जमीन के लिए दो पक्षों में हिंसक झड़प, 15 घायल, दो की हालत गंभीर, 19 गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

बिक्रमगंज के बलुआही गांव में पांच डिसमिल जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 19 लोगों को न्यायिक हिरासत में भेजा है।

विज्ञापन

Rohtas News : रोहतास जिला के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के बलुआही गांव में पांच डिसमिल जमीन के पुराने विवाद ने सोमवार की शाम हिंसक रूप ले लिया. जमीन के स्वामित्व को लेकर दो पक्षों के बीच हुई झड़प में लाठी-डंडे और धारदार हथियारों का जमकर इस्तेमाल हुआ, जिसमें दोनों पक्षों के कुल 15 लोग घायल हो गए. घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

पुराने भूमि विवाद ने लिया हिंसक रूप

जानकारी के अनुसार, विवाद विनोद सिंह और बबन पासवान के परिवारों के बीच लंबे समय से चल रहा था. विनोद सिंह पक्ष का दावा है कि प्लॉट संख्या-324 की पांच डिसमिल जमीन उनकी रैयती भूमि है, जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि उक्त जमीन समेत आसपास की भूमि का उन्हें लाल पर्चा मिला हुआ है. इसी विवाद को लेकर सोमवार शाम करीब 6:30 बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए.

लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला

पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई, जो देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गई. दोनों ओर से लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने लगे, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन तब तक कई लोग घायल हो चुके थे.

15 लोग घायल, दो की हालत गंभीर

घटना में एक पक्ष के 10 और दूसरे पक्ष के 5 लोग घायल हुए हैं. घायलों में बबन पासवान की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है. वहीं छह अन्य घायलों को प्रारंभिक उपचार के बाद सासाराम भेजा गया था. इनमें से एक को भी वाराणसी रेफर किया गया, जबकि शेष पांच घायलों को वापस लाकर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इन पांच लोगों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं.

19 गिरफ्तार, दस्तावेजों की हो रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडलाधिकारी दिलीप कुमार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित किया. अंचलाधिकारी सुमित आनंद ने बताया कि दोनों पक्षों को बुधवार को बुलाकर बयान दर्ज किया जाएगा. इसके साथ ही जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि स्वामित्व विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन