रोहतास के तारडीह उच्च विद्यालय पर नदी का खतरा, कटाव बढ़ा, भवन कभी भी हो सकता है जमींदोज
रोहतास के तारडीह में अवसानी नदी के कटाव से विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र पर खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन की लापरवाही से कभी भी हो सकती है बड़ी दुर्घटना।
रोहतास. रोहतासगढ़ पंचायत के तारडीह उच्च विद्यालय पर अवसानी नदी का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है. नदी के तेज कटाव के कारण विद्यालय परिसर के अस्तित्व पर संकट गहरा गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के उपाय नहीं किए गए तो विद्यालय भवन कभी भी नदी में समा सकता है.
मुखिया ने प्रशासन को पहले ही किया था आगाह
रोहतासगढ़ पंचायत के मुखिया नागेंद्र यादव ने बताया कि लगभग एक माह पहले ही संबंधित विभाग को पत्र देकर स्थिति से अवगत कराया गया था. इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द कदम नहीं उठाया तो बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता.
आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र और स्कूल भी खतरे में
मुखिया ने बताया कि इसी परिसर में आंगनबाड़ी केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक विद्यालय और उच्च विद्यालय संचालित हैं. नदी का कटाव लगातार बढ़ने से इन सभी सरकारी संस्थानों पर खतरा मंडरा रहा है, जिससे बच्चों, शिक्षकों और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है.
ग्रामीणों ने की त्वरित सुरक्षा उपायों की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अविलंब कटावरोधी कार्य शुरू कराने और विद्यालय परिसर को सुरक्षित करने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम उठाए गए तो बड़े नुकसान और संभावित हादसे को टाला जा सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










