मौत को दावत देता यात्री शेड ! कर्णपुरा मोड़ पर हादसे का इंतजार, जान जोखिम में डालकर बैठ रहे लोग
Published by : Rajeev Kumar Updated At : 30 May 2026 9:54 AM
यात्री शेड का सांकेतिक फोटो.
Sasaram News : कर्णपुरा मोड़ पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र, मजदूर, महिलाएं और बुजुर्ग वाहन पकड़ने के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में जर्जर शेड के नीचे बैठना गंभीर खतरे से खाली नहीं है.
Sasaram News : ( संदेश जायसवाल की रिपोर्ट)
चेनारी–कुदरा स्टेट हाईवे पर नारायणपुर पंचायत के कर्णपुरा मोड़ के समीप स्थित यात्री शेड इन दिनों लोगों के लिए सुविधा नहीं, बल्कि खतरे का कारण बन गया है. कुछ दिन पूर्व किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुआ यह शेड अब पूरी तरह जर्जर अवस्था में खड़ा है.
शेड की दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है. सबसे चिंताजनक बात यह है कि क्षतिग्रस्त होने के बावजूद न तो वहां कोई घेराबंदी की गई है और न ही चेतावनी बोर्ड लगाया गया है. नतीजतन, बस और अन्य वाहनों का इंतजार करने वाले यात्री रोजाना इसी जर्जर शेड के नीचे बैठने को मजबूर हैं.
रोज बड़ी संख्या में लोग वाहन पकड़ने के लिए पहुंचते हैं
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बारिश और तेज हवा की स्थिति में शेड का कोई हिस्सा कभी भी गिर सकता है, जिससे जान-माल की बड़ी क्षति हो सकती है. कर्णपुरा मोड़ पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र, मजदूर, महिलाएं और बुजुर्ग वाहन पकड़ने के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में जर्जर शेड के नीचे बैठना गंभीर खतरे से खाली नहीं है.
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि इस शेड को तत्काल या तो हटाया जाए या इसकी मरम्मत कराई जाए.
जनप्रतिनिधियों की प्रतिक्रिया
नारायणपुर पंचायत के पूर्व मुखिया प्रत्याशी आशा देवी ने कहा कि यह यात्री शेड लोगों की जान के लिए खतरा बन चुका है. उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे के बाद भी अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. उन्होंने मांग की कि शेड के आसपास बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोकी जाए और जल्द नया यात्री शेड बनाया जाए.
वहीं नारायणपुर पंचायत की मुखिया रेनू देवी ने कहा कि क्षतिग्रस्त शेड की स्थिति गंभीर है और इसकी जानकारी संबंधित विभाग को दी जा चुकी है. उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जल्द ही मरम्मत या पुनर्निर्माण की दिशा में कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से अपील की कि तब तक वे इस शेड का उपयोग न करें और सावधानी बरतें.
Also Read : गोपालगंज के स्कूलों में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी की तैयारी तेज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










