रोहतास में शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दुल्हन समेत चार गिरफ्तार, दो फरार

रोहतास पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो शादी का झांसा देकर लोगों से लाखों की ठगी करता था. इस मामले में दुल्हन, उसकी मां, बहन और एक बिचौलिये को गिरफ्तार किया गया है.
Rohtas news : डालमियानगर थाना पुलिस ने शादी के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक गिरोह का खुलासा करते हुए दुल्हन, उसकी मां, बहन और एक बिचौलिये समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. मामले में गिरोह के दो अन्य सदस्य फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
शादी के नाम पर वसूले गए 1.40 लाख रुपये
एसडीपीओ-1 सत्यकाम ने सोमवार को प्रेसवार्ता में बताया कि मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के कालूखेड़ा थाना क्षेत्र के रिचा देवड़ा गांव निवासी कारूलाल कलार ने शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार उनके बेटे की शादी कराने के नाम पर गिरोह ने ढाई लाख रुपये की मांग की थी, जिसमें से 1.40 लाख रुपये बिचौलिये को दिए गए थे. शादी के बाद दुल्हन और उसके सहयोगी डेहरी रेलवे स्टेशन से भागने की कोशिश कर रहे थे.
सूचना मिलते ही पुलिस ने की कार्रवाई
पीड़ित पक्ष की सूचना पर डालमियानगर थाना पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर स्टेशन और आसपास के इलाके में छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान दुल्हन, उसकी मां, बहन और एक बिचौलिये को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने इस संबंध में डालमियानगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
दो आरोपी अब भी फरार
पुलिस के अनुसार इस गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है ताकि ऐसे मामलों में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके.
ये लोग हुए गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के भारतपुरी गांव निवासी राजू राठौर, रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के महौरत गांव निवासी रूबी उर्फ अनिषा कुमारी, अनिता कुमारी तथा औरंगाबाद जिले के बारुण निवासी गीता देवी को गिरफ्तार किया है.
छापेमारी दल में शामिल रहे अधिकारी
कार्रवाई में डालमियानगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन राय, पुलिस अवर निरीक्षक दिवाकर कुमार, रूपम कुमारी तथा अन्य पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










