रोहतास: कोचस के डीएवी स्कूल में अग्नि सुरक्षा की मॉकड्रिल, छात्रों को सिखाए गए आग से बचाव के गुर

मॉकड्रिल के माध्यम से छात्रों को जानकारी देते अग्निशमन कर्मी | Prabhat Khabar Network
आग लगने की स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि इन सुरक्षा नियमों का पालन करें। अग्निशमन विभाग ने मॉकड्रिल के जरिए बचाव के महत्वपूर्ण तरीके बताए हैं।
बिहार अग्निशमन विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को डीएवी स्कूल, कोचस में अग्नि सुरक्षा को लेकर मॉकड्रिल का आयोजन किया गया. इस दौरान अग्निशमन कर्मियों ने छात्रों और शिक्षकों को आग लगने की स्थिति में बचाव एवं सुरक्षा के उपायों की व्यावहारिक जानकारी दी.
आपात स्थिति में घबराने के बजाय रखें धैर्य
अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सुनीति कुमारी ने बताया कि किसी कार्यालय, प्रतिष्ठान या स्कूल में आग लगने पर घबराने के बजाय शांत रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में तुरंत आपातकालीन निकास या सीढ़ियों का उपयोग कर सुरक्षित स्थान पर निकलें और किसी भी परिस्थिति में लिफ्ट का इस्तेमाल न करें.
धुएं से बचाव और कपड़ों में आग लगने पर क्या करें
उन्होंने बताया कि आग लगने पर धुआं और जहरीली गैसें ऊपर की ओर फैलती हैं. ऐसे में यदि कमरा धुएं से भर जाए तो झुककर या घुटनों के बल रेंगते हुए बाहर निकलना चाहिए. यदि कपड़ों में आग लग जाए तो भागने के बजाय जमीन पर लेटकर गोल-गोल लुढ़कें, जिससे आग जल्दी बुझ जाती है. सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के बाद तुरंत 101 या 112 पर सूचना देने की भी सलाह दी गई.
आपदा से निपटने के लिए जागरूकता जरूरी
अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों और शिक्षकों को किसी भी आपात स्थिति के लिए जागरूक एवं तैयार करना है. इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिमेष चटर्जी, अग्निशमनकर्मी अनिल शर्मा, आलोक रंजन, विनय कुमार, प्रियंका कुमारी, आलोक कुमार, रूदल कुमार सहित अन्य शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










