रोहतास: काराकाट पंचायत समिति की बैठक में हंगामा, CO के व्यवहार पर निंदा प्रस्ताव, बिजली और सफाई व्यवस्था पर भी बरसे जनप्रतिनिधि

Updated:
विज्ञापन
बीडीसी की बैठक में अधिकारी व जनप्रतिनिधि | Prabhat Khabar Network

बीडीसी की बैठक में अधिकारी व जनप्रतिनिधि | Prabhat Khabar Network

काराकाट बीडीसी बैठक में उपप्रमुख के साथ अमर्यादित व्यवहार पर सीओ के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में बिजली और स्वच्छता पर भी चर्चा हुई।

विज्ञापन

Rohtas News : रोहतास जिले के काराकाट प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक भवन में गुरुवार को पंचायत समिति की बैठक आयोजित हुई. प्रमुख बैजंती देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनप्रतिनिधियों ने विकास योजनाओं के साथ-साथ विभिन्न विभागों की कार्यशैली पर सवाल उठाए. बैठक के दौरान अंचलाधिकारी के व्यवहार को लेकर सबसे ज्यादा हंगामा हुआ और उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी पारित किया गया.

सीओ के व्यवहार पर उठा विवाद

बीडीसी सदस्य राघवेंद्र कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि अंचलाधिकारी रितेश कुमार सिंह जनप्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार नहीं करते हैं. उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले उपप्रमुख पूजा देवी के साथ भी अंचल कार्यालय में अमर्यादित व्यवहार किया गया, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. मामले में कार्रवाई की मांग उठी, जिस पर बीडीओ संजीत कुमार सिंह ने हस्तक्षेप करते हुए भविष्य में ऐसी स्थिति नहीं होने का आश्वासन दिया. इसके बाद सीओ के व्यवहार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाया गया.

बिजली व्यवस्था पर जनप्रतिनिधियों ने उठाए सवाल

बैठक में सकला पीएसएस से चार-पांच घंटे ही बिजली आपूर्ति होने का मुद्दा उठाया गया. जनप्रतिनिधियों ने कहा कि कृषि फीडर होने के बावजूद पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है. वहीं धर्मागत परासी गांव में जर्जर तारों से 440 वोल्ट की बिजली आपूर्ति पर भी चिंता जताते हुए केबल तार लगाने की मांग की गई.

कचरा उठाव और मजदूरी भुगतान का मुद्दा गरमाया

मुखिया योगेंद्र सिंह ने बताया कि चार महीने से कई पंचायतों में कचरा उठाव बंद है, क्योंकि स्वच्छता कर्मियों को मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ है. इस पर अधिकारियों ने राशि उपलब्ध नहीं होने की बात कही, जबकि बीडीओ ने मामले पर कार्रवाई का भरोसा दिया.

आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र और पीएम आवास पर भी चर्चा

बैठक में जिन पंचायतों में आंगनबाड़ी केंद्र नहीं हैं वहां नए भवन बनाने तथा अधूरे भवनों का निर्माण पूरा कराने की मांग उठी. स्वास्थ्य केंद्र और उपकेंद्र भवन निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा. वहीं पीएम आवास योजना की जांच और नई सूची जारी करने को लेकर भी जनप्रतिनिधियों ने सवाल पूछे.

एमडीएम के चावल और शिक्षा विभाग पर सवाल

सोनवर्षा पंचायत के मुखिया राजीव रंजन ने स्कूलों में खराब मिड-डे मील चावल वितरित किए जाने का मुद्दा उठाया और गुणवत्तापूर्ण चावल उपलब्ध कराने की मांग की. वहीं शिक्षा समिति की बैठक पांच वर्षों से नहीं होने पर भी शिक्षा विभाग से जवाब मांगा गया.

बीडीओ ने कार्रवाई का दिया भरोसा

नवपदस्थापित बीडीओ संजीत कुमार सिंह ने कहा कि बैठक में उठाए गए सभी प्रस्तावों को गंभीरता से लिया गया है. संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देश दिए जाएंगे और समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन