हर घर तिरंगा अभियान को लेकर रोहतास में तैयारी तेज, 12 अगस्त को समाहरणालय से निकलेगी प्रभात फेरी
तिरंगा यात्रा
सासाराम में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर डीएम ने बैठक की। 12 अगस्त को प्रभात फेरी निकाली जाएगी और दलित-महादलित टोलों में झंडे वितरित किए जाएंगे।
Rohtas News : हर घर तिरंगा अभियान-2026 को लेकर रोहतास में प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गयी हैं. कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में समाहरणालय में आयोजित बैठक में डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने अधिकारियों को अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने का निर्देश दिया. 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले अभियान के दौरान अधिक से अधिक घरों पर तिरंगा फहराने के साथ प्रत्येक पंचायत के दलित और महादलित टोलों में झंडा वितरण किया जायेगा. वहीं 12 अगस्त को शहर में प्रभात फेरी निकाली जायेगी.
12 अगस्त को समाहरणालय से निकलेगी प्रभात फेरी
हर घर तिरंगा अभियान के तहत 12 अगस्त को सासाराम शहर में प्रभात फेरी निकाली जायेगी. जिला प्रभारी मंत्री अशोक चौधरी और जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा की अगुवाई में निकलने वाली प्रभात फेरी में स्कूली बच्चों के साथ आमजन, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड और जिला स्तरीय पदाधिकारी शामिल होंगे.
गांधी चौक और निशान सिंह चौक से गुजरेगी रैली
प्रभात फेरी समाहरणालय परिसर से शुरू होगी. इसके बाद गांधी चौक और निशान सिंह चौक होते हुए वापस समाहरणालय परिसर पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा. प्रशासन की ओर से प्रभात फेरी को लेकर आवश्यक तैयारियां करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया है.
दलित-महादलित टोलों में बांटे जायेंगे तिरंगे
बैठक में डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक पंचायत के दलित और महादलित टोलों में झंडा वितरण सुनिश्चित किया जाये, ताकि अभियान की पहुंच जिले के सभी क्षेत्रों तक हो सके.
9 से 17 अगस्त तक चलेगा अभियान
हर घर तिरंगा अभियान-2026 आगामी 9 अगस्त से 17 अगस्त तक चलेगा. इस दौरान लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जायेगा. डीएम ने अधिकारियों से अधिक से अधिक घरों पर तिरंगा फहराये जाने को लेकर जागरूकता अभियान चलाने और स्थानीय स्तर पर लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा.
कार्यक्रमों की फोटो-वीडियो भी होगी साझा
अभियान के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की फोटो और वीडियो भी साझा करने का निर्देश दिया गया है. इससे जिले में आयोजित गतिविधियों और लोगों की भागीदारी का रिकॉर्ड तैयार किया जा सकेगा. डीएम ने सभी विभागों को अभियान से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने को कहा.
बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में डीडीसी विजय कुमार पांडेय, एडीएम ललित भूषण रंजन, सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन, डीपीआरओ आशीष रंजन, डीपीएम जीविका प्रसन्न कुमार समेत कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










