रोहतास में खाद की कालाबाजारी पर DM सख्त, दो दिन में जांच रिपोर्ट देने का निर्देश
फोटो-उर्वरक निगरानी समिति की बैठक करते डीएम व अन्य | Prabhat Khabar Network
सासाराम में डीएम ने उर्वरक की कालाबाजारी पर नाराजगी जताई। निर्धारित दर पर खाद न बेचने वाले दुकानदारों पर होगी सख्त कार्रवाई, शिकायत के लिए जारी किया नंबर।
Rohtas News : खरीफ मौसम 2026-27 में किसानों को उर्वरक की उपलब्धता और निर्धारित दर पर बिक्री सुनिश्चित कराने के लिए रविवार को सासाराम समाहरणालय के डीआरडीए सभागार में जिला स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने की. इस दौरान विभिन्न प्रखंडों में खाद की उपलब्धता और बिक्री व्यवस्था की समीक्षा की गयी. निर्धारित दर से अधिक कीमत पर उर्वरक बेचे जाने की शिकायत सामने आने पर डीएम ने अधिकारियों को सख्त जांच और कार्रवाई का निर्देश दिया.
सभी प्रखंडों में पर्याप्त खाद उपलब्ध होने का दावा
बैठक में जिले में उर्वरकों की उपलब्धता और आवश्यकता की समीक्षा की गयी. डीएम ने सभी प्रखंडों में खाद की स्थिति की जानकारी ली. जिला कृषि पदाधिकारी प्रभाकर कुमार ने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों में विभिन्न प्रकार के उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं. अधिकारियों को किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया.
सासाराम और तिलौथू में अधिक कीमत पर बिक्री की शिकायत
बैठक के दौरान सासाराम विधायक प्रतिनिधि संदीप सोनी ने शिकायत की कि सासाराम और तिलौथू प्रखंडों में किसानों को उर्वरक निर्धारित मूल्य पर नहीं मिल रहा है. उन्होंने अधिकारियों से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की.
दिनारा के तीन प्रखंडों में भी शिकायत
दिनारा विधायक प्रतिनिधि ने सूर्यपुरा, दावथ और दिनारा प्रखंडों में भी निर्धारित दर पर उर्वरक की बिक्री नहीं होने की शिकायत की. शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को तत्काल जांच कराने का निर्देश दिया.
दो दिन में रिपोर्ट, लापरवाही पर कार्रवाई के संकेत
शिकायतों पर डीएम ने नाराजगी जतायी. उन्होंने तीनों अनुमंडल कृषि पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के सभी खुदरा उर्वरक प्रतिष्ठानों की लगातार जांच कराने और दो दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया. जिला कृषि पदाधिकारी को भी मामले की त्वरित जांच कर कार्रवाई से अवगत कराने को कहा गया.
जांच दल की कार्रवाई की भी हुई समीक्षा
बैठक में निर्धारित दर पर उर्वरक की बिक्री और निगरानी के लिए जिला एवं प्रखंड स्तर पर गठित जांच दलों की कार्रवाई की समीक्षा की गयी. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि उर्वरक की बिक्री व्यवस्था पर लगातार नजर रखें, ताकि किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध हो सके.
खाद संबंधी शिकायत के लिए कंट्रोल रूम
उर्वरक से संबंधित शिकायतों के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है. किसान निर्धारित दर पर खाद नहीं मिलने या अन्य किसी तरह की समस्या होने पर नियंत्रण कक्ष में शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
उर्वरक शिकायत नियंत्रण कक्ष: 9471458498
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










