रोहतास के गुप्ता धाम तक नहीं जाएंगे चारपहिया वाहन, श्रावणी मेले को लेकर बने विशेष नियम

Updated:
विज्ञापन
गुप्ता धाम श्रावणी मेले में चारपहिया वाहनों की नो एंट्री

श्रावणी मेले की तैयारियों की समीक्षा बैठक में शामिल डीएम, एसपी व अन्य अधिकारी. | Prabhat Khabar Network

रोहतास के विश्व प्रसिद्ध गुप्ता धाम में श्रावणी मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. इस बार चारपहिया वाहनों को मंदिर से एक किलोमीटर पहले ही रोक दिया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित होगी.

विज्ञापन

रोहतास के विश्व प्रसिद्ध गुप्ता धाम श्रावणी मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. गुरुवार को वन विभाग के गेस्ट हाउस में जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई. बैठक में मेला व्यवस्था से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया. इस दौरान सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, आपदा प्रबंधन सहित अन्य व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये.

एक किलोमीटर पहले बनेगा अस्थायी पार्किंग

बैठक में सबसे महत्वपूर्ण निर्णय गुप्ता धाम मार्ग पर वाहनों के परिचालन को लेकर लिया गया. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रावणी मेले के दौरान किसी भी चारपहिया वाहन को गुप्ता धाम तक जाने की अनुमति नहीं होगी. सभी चारपहिया वाहनों को मंदिर परिसर से करीब एक किलोमीटर पहले बनाये जाने वाले अस्थायी पार्किंग स्थल पर ही रोक दिया जायेगा. वहां से श्रद्धालुओं को पैदल गुप्ता धाम तक जाना होगा. प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से पहाड़ी मार्ग पर जाम की समस्या नहीं होगी तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही अधिक सुरक्षित और सुगम बनी रहेगी.

दोपहिया पर तीन सवारी मिली तो होगी कार्रवाई

बैठक में दोपहिया वाहनों के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किये गये. चालक सहित केवल दो लोगों को ही यात्रा करने की अनुमति होगी. तीन सवारी लेकर चलने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जायेगी. मेला मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर पुलिस जांच अभियान चलाकर नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करेगी.

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर पूरे मेला क्षेत्र, गुप्ता धाम मार्ग एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी और वन विभाग के कर्मियों की तैनाती की जायेगी. भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, दिशा-निर्देशन, निगरानी एवं सूचना केंद्र स्थापित किये जायेंगे. वहीं चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, पेयजल, अस्थायी शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा आपातकालीन राहत दल की व्यवस्था समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया गया.

आपसी समन्वय से सभी विभागों को काम करने का निर्देश

इस संबंध में जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया. वहीं पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने कहा कि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी और प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का गंभीरता से निर्वहन करेंगे.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन