कॉमर्शियल सिलिंडर महंगा, होटल-रेस्टोरेंट के कारोबार पर पड़ेगा असर

Updated:
विज्ञापन
कॉमर्शियल सिलिंडर महंगा, होटल-रेस्टोरेंट के कारोबार पर पड़ेगा असर

SASARAM NEWS.कॉमर्शियल गैस सिलिंडर के दाम में 993 रुपये की बढ़ोतरी होने से जिले से लेकर प्रखंड क्षेत्र तक होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और शादी-विवाह की कैटरिंग सेवाओं पर सीधा असर पड़ने की संभावना है.

विज्ञापन

3346.50 रुपये पहुंची कीमत, खान-पान सेवाएं हो सकती हैं महंगी

शादी-विवाह कैटरिंग से लेकर छोटे कारोबारियों की बढ़ेगी लागत

चेनारी.

कॉमर्शियल गैस सिलिंडर के दाम में 993 रुपये की बढ़ोतरी होने से जिले से लेकर प्रखंड क्षेत्र तक होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और शादी-विवाह की कैटरिंग सेवाओं पर सीधा असर पड़ने की संभावना है. बढ़ी कीमत का बोझ आम उपभोक्ताओं और छोटे कारोबारियों की जेब पर भी पड़ेगा. कॉमर्शियल गैस सिलिंडर का दाम बढ़कर 3346.50 रुपये हो जाने से खासकर चेनारी-कुदरा फोरलेन और हाइवे किनारे संचालित लाइन होटलों के संचालक खासे परेशान हैं. पंजाब नेशनल बैंक चेनारी के समीप होटल संचालक गौतम गुप्ता ने बताया कि मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री बनाने में कोयला, लकड़ी जैसे वैकल्पिक ईंधन भी महंगे पड़ते हैं. ऐसे में खान-पान की वस्तुओं के दाम में करीब 20 फीसदी तक वृद्धि की आशंका है. व्यवसायियों का कहना है कि गैस सिलिंडर महंगा होने से होटल और रेस्टोरेंट संचालन प्रभावित होगा. इससे रोजगार पर भी असर पड़ सकता है.

खाद्य सामग्री के दामों में हो सकती हैं वृद्धि

दूध, बेकरी उत्पाद, मिठाई, चाय-कॉफी सहित अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतों में भी बढ़ोतरी संभव है.प्रखंड में करीब एक हजार होटल-रेस्टोरेंट गैस सिलिंडर पर निर्भर हैं. कुछ संचालक मजबूरी में कोयले पर खाना बनाने को विवश हैं, जिससे लागत और बढ़ रही है. इससे खाद्य प्रसंस्करण उद्योग जैसे बिस्किट, ब्रेड, केक, पनीर और दही के दाम भी बढ़ सकते हैं.

गैस के लिए तीन दर्जन से अधिक आवेदन

वाणिज्यिक गैस की उपलब्धता को लेकर प्रशासन भी नजर बनाये हुए है. नगर पंचायत चेनारी स्थित राजमणि गैस एजेंसी के कर्मचारी ऋषिकेश कुमार ने बताया कि अब तक तीन दर्जन से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं. प्रशासन ने निर्देश दिया है कि जिनके यहां शादी-विवाह जैसे कार्यक्रम हैं, वे अपने संबंधित एसडीओ को शादी का कार्ड संलग्न कर आवेदन दें. आवेदन में आवश्यक गैस सिलिंडरों की संख्या और कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की संभावित संख्या का उल्लेख करना होगा. इसके आधार पर एसडीओ स्तर से आकलन कर गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जायेगा.

विज्ञापन
विकास कुमार

लेखक के बारे में

By विकास कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन