Sasaram News : 31 केंद्रों पर बीपीएससी की परीक्षा कल

Published by : PRABHANJAY KUMAR Updated At : 11 Sep 2025 8:54 PM

विज्ञापन

71वीं संयुक्त बीपीएससी (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा शनिवार को होगी.

विज्ञापन

सासाराम नगर. 71वीं संयुक्त बीपीएससी (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा शनिवार को होगी. कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए गुरुवार को डीआरडीए सभागार में प्रभारी डीएम संजय कुमार की अध्यक्षता में बैठक की गयी. बैठक में बताया गया कि शनिवार को एक पाली में दोपहर 12 से 2.00 बजे तक परीक्षा होगी. इसके लिए जिले में 31 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. परीक्षा में 16848 परीक्षार्थी शामिल होने वाले है. प्रभारी डीएम ने कहा कि पूर्ण सख्ती के साथ आयोग से जारी दिशा-निर्देश का शत-प्रतिशत अनुपालन कराना है. परीक्षा केंद्र के अंदर परीक्षार्थियों को सुबह 11.00 बजे तक प्रवेश कर जाना है. किसी भी परिस्थिति में 11.00 बजे के बाद परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों को प्रवेश करने की इजाजत नहीं दी जायेगी. अभ्यर्थी को अपनी पहचान के लिए एडमिट कार्ड में दर्ज पहचान पत्र साथ लेकर उपस्थित होना है. अभ्यर्थियों को एक अतिरिक्त एडमिट कार्ड लेकर उपस्थित होना है, जिसे परीक्षा के अवधि में वीक्षक को हस्ताक्षरित करते हुए समर्पित करना है. उन्होंने बताया जिले के सासाराम अनुमंडल में 20 व डेहरी अनुमंडल में 11 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. परीक्षा केंद्रों पर लगाये गये जैमर- प्रभारी डीएम ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर जैमर अधिष्ठापन किया जा रहा है. इसको लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है. केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि मोबाइल जैमर की अधिष्ठापन के लिए समुचित विद्युत व्यवस्था प्रत्येक परीक्षा कक्ष व हॉल में की जाये. परीक्षा को हर हाल में स्वच्छ, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व कदाचारमुक्त कराना है. किसी भी प्रकार की चूक नहीं होने पाये. इसका विशेष ध्यान रखना है. उन्होंने कहा कि महिला परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग के लिए अलग जगह व्यवस्था की जाये. साथ ही इनकी जांच के लिए महिला पुलिस अधिकारी से करायी जाये. परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने की समुचित व्यवस्था की जाये. बैठने की व्यवस्था, परीक्षा केंद्रों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम, पीने का स्वच्छ जल, उपस्कर, जेनरेटर और रोशनी आदि की समुचित व्यवस्था ससमय कर ली जाये. परीक्षार्थी को परीक्षा कक्ष में कैलकुलेटर, मोबाइल, ब्लूटूथ, वाई-फाई गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर आदि जैसी इलेक्ट्रॉनिक सामग्री व व्हाइटनर, इरेजर व ब्लेड जैसी सामग्री भी ले जाने की अनुमति नहीं दी जायेगी. अगर यह वस्तुएं परीक्षार्थियों के पास पायी जाती है, तो उनकी उम्मीदवारी रद्द कर दी जायेगी. जिला परिवहन को सौंपी यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी बैठक में डीएम ने परीक्षा केंद्रों तक यातायात व्यवस्था सुगम बनाये रखने की जिम्मेदारी जिला परिवहन को सौंपी है. बैठक में उन्होंने डीटीओ, एसडीएम, एसडीपीओ, यातायात प्रभारी, मोटर यान निरीक्षक व सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दिन सुबह 6.00 बजे से बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन व यथासंभव सभी परीक्षा केंद्रों के निकटतम स्थान तक यातायात की सुविधा को सुगम बनाये रखने के लिए बसों, मिनी बसों, ऑटो रिक्शा, इ रिक्शा का परिचालन सामान्य बनाये रखना सुनिश्चित करेंगे. ताकि किसी स्थान पर जाम नहीं लगने पाये. परीक्षार्थी सुगमतापूर्वक परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें. साथ ही सुगम यातायात संचालन के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करेंगे. परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सुनील कुमार को सहायक संयोजक के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय को नोडल पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PRABHANJAY KUMAR

लेखक के बारे में

By PRABHANJAY KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन