आवास योजना की राशि नहीं मिलने से परेशान लाभार्थी, नगर परिषद के चक्कर लगाने को मजबूर
Published by : Rajeev Kumar Updated At : 03 Jun 2026 7:37 AM
नगर परिषद कार्यालय.
sasaram news : लाभार्थी माया देवी, मनोज कुमार, कलावती देवी, बिंदा देवी, पुष्पा कुमारी एवं लजवंती देवी सहित अन्य लोगों का कहना है कि वे महीनों से आवास योजना की राशि का इंतजार कर रहे हैं
sasaram news : (रंजन कुमार की रिपोर्ट)
रोहतास जिले के नोखा नगर परिषद क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है योजना के तहत आवास स्वीकृत होने के बावजूद कई लाभार्थियों के बैंक खातों में अब तक राशि नहीं पहुंची है. इससे नाराज लाभार्थी रोजाना नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से जानकारी लेने का प्रयास कर रहे हैं.
लाभार्थी माया देवी, मनोज कुमार, कलावती देवी, बिंदा देवी, पुष्पा कुमारी एवं लजवंती देवी सहित अन्य लोगों का कहना है कि वे महीनों से आवास योजना की राशि का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है.
समय से राशि नहीं मिलने से निर्माण अधूरा
लाभार्थियों के अनुसार, सरकार की ओर से आवास निर्माण के लिए सहायता राशि मिलने की उम्मीद में उन्होंने मकान निर्माण कार्य शुरू कर दिया था. कई लोगों ने कर्ज लेकर अथवा अपनी जमा पूंजी खर्च कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया, लेकिन समय पर राशि नहीं मिलने के कारण निर्माण अधूरा पड़ा हुआ है. आर्थिक तंगी के चलते अब निर्माण कार्य आगे बढ़ाना मुश्किल हो गया है.
नगर परिषद कार्यालय पहुंचे लाभार्थियों ने बताया कि वे कई बार आवेदन और दस्तावेजों की जांच करा चुके हैं। इसके बावजूद उनके खातों में राशि नहीं आई है. उनका आरोप है कि हर बार उन्हें कुछ दिन और इंतजार करने की सलाह देकर वापस भेज दिया जाता है, जिससे उनकी परेशानी लगातार बढ़ रही है.
रिपोर्ट नगर आवास विभाग को भेज दिया गया
इस संबंध में नगर परिषद के सभापति राधेश्याम सिंह ने बताया कि नगर परिषद स्तर से सभी पात्र लाभार्थियों के आवास प्रस्तावों को स्वीकृत कर नगर आवास विभाग को भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि नगर परिषद की ओर से सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर संबंधित फाइलें विभाग को अग्रसारित कर दी गई हैं.
राशि स्वीकृत होते ही भुगतान होगा
सभापति ने कहा कि नगर परिषद लगातार विभागीय अधिकारियों के संपर्क में है तथा लाभार्थियों की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया जा रहा है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि विभाग से राशि स्वीकृत होते ही लाभार्थियों के खातों में भुगतान कर दिया जाएगा.
वहीं, लाभार्थियों ने सरकार और संबंधित विभाग से मांग की है कि आवास योजना की लंबित राशि जल्द जारी की जाए, ताकि वे अपने अधूरे मकानों का निर्माण पूरा कर सकें और योजना का वास्तविक लाभ प्राप्त कर सकें.
Also Read : सासाराम प्रशासन डायरेक्टरी: डीएम, एसपी और एसडीपीओ समेत इन अधिकारियों के नंबर रखें पास
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










