डेहरी ईओ हत्याकांड: तेजस्वी के आरोपों पर बीजेपी का पलटवार, बोली- IG वैभव श्रीवास्तव निष्पक्ष और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी
प्रेस काफ्रेंस करते सांसद प्रतिनिधि राकेश सिंह | Prabhat Khabar Network
बीजेपी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आईजी वैभव श्रीवास्तव पर लगे आरोपों को तथ्यों से परे बताया है. राकेश सिंह ने आईजी को निष्पक्ष और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी करार दिया. उन्होंने तेजस्वी पर हत्या जैसे मामले का राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया.
Saran News: डेहरी के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) की हत्या के मामले में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा आईजी वैभव श्रीवास्तव पर लगाए गए आरोपों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य राकेश सिंह ने शुक्रवार को परसा में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान तेजस्वी यादव के आरोपों को पूरी तरह से निराधार और तथ्यों से परे बताया.
'आईजी वैभव श्रीवास्तव निष्पक्ष और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी'
राकेश सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया है कि आईजी वैभव श्रीवास्तव सरकार के दबाव में कार्य कर रहे हैं तथा मृतक की पत्नी के बयान के बावजूद विधायक सुनील सिंह का नाम प्राथमिकी में शामिल नहीं किया जा रहा है. भाजपा नेता ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि आईजी वैभव श्रीवास्तव एक कर्तव्यनिष्ठ और निष्पक्ष अधिकारी हैं, जिन्होंने हमेशा साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर जांच की है. उन्होंने कहा कि आईजी ने अपने पूरे कार्यकाल में जाति और राजनीतिक दबाव से ऊपर उठकर कार्य किया है. ऐसे अधिकारी की निष्पक्षता पर सवाल उठाना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि उनके व्यक्तित्व और कार्यशैली को बदनाम करने का प्रयास भी है.
राजनीतिक लाभ लेने का आरोप
राकेश सिंह ने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष हत्या जैसे संवेदनशील मामले का राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं. बिना ठोस साक्ष्य के किसी निर्दोष व्यक्ति को मामले में घसीटना न्याय और कानून दोनों के विरुद्ध है. केवल जनता को भ्रमित करने और राजनीतिक माहौल बनाने के लिए इस तरह की बयानबाजी की जा रही है.
कानून के दायरे में हो रही जांच
भाजपा नेता ने विश्वास जताया कि पुलिस प्रशासन पूरी निष्पक्षता और कानून के दायरे में रहकर जांच कर रहा है. जांच एजेंसियां सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करेंगी. उन्होंने कहा कि जांच प्रक्रिया को राजनीतिक दबाव या बयानबाजी से प्रभावित नहीं किया जाना चाहिए.
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र कुमार उर्फ भलन सिंह, मंडल महामंत्री विकास सिंह, सरोज कुमार सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे. सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि बिहार पुलिस निष्पक्ष तरीके से अपनी जिम्मेदारी निभा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
Also Read: जूनियर राज्य कबड्डी प्रतियोगिता में चैंपियन बनी सारण टीम को डीएम ने किया सम्मानित
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











