सोनपुर में सावन कांवड़ यात्रा की तैयारी तेज, हरिहरनाथ मंदिर मार्ग से अतिक्रमण हटाने का निर्देश

सोनपुर का हरिहरनाथ मंदिर
सोनपुर में 30 जुलाई से शुरू होने वाली पवित्र सावन मास की कांवड़ यात्रा के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर पहलेजा घाट और कांवड़िया पथ का निरीक्षण किया गया. अतिक्रमण हटाने और जल निकासी सुधारने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं.
30 जुलाई से शुरू हो रहे पवित्र सावन मास की कांवड़ यात्रा को लेकर सोनपुर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. हर वर्ष लाखों श्रद्धालु पहलेजा घाट से गंगाजल लेकर बाबा हरिहरनाथ मंदिर में जलाभिषेक करते हैं. इसके बाद श्रद्धालु करीब 60 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर मुजफ्फरपुर स्थित बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचते हैं.
प्रशासन ने किया पहलेजा घाट और कांवड़िया पथ का निरीक्षण
जिलाधिकारी के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी स्निग्धा नेहा, एसडीपीओ सुमित कुमार आर्य, कार्यपालक दंडाधिकारी रामजी पासवान, प्रखंड विकास पदाधिकारी अरोमा मोदी, अंचलाधिकारी राजकुमार, बीपीआरओ राजेश कुमार, सोनपुर थानाध्यक्ष दिलीप कुमार तथा पहलेजा थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने पहलेजा घाट से भरपुरा वर्मा चौक तक कांवड़िया मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया.
अतिक्रमण हटाने और जलनिकासी सुधारने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने का निर्देश दिया. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ियों के मार्ग में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी. पहलेजा घाट से बाबा हरिहरनाथ मंदिर तक निचली सड़क पर जहां-जहां पानी बह रहा है, वहां संबंधित लोगों को वैकल्पिक जलनिकासी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया.
नियमों की अनदेखी पर होगी कानूनी कार्रवाई
प्रशासन ने चेतावनी दी कि सड़क पर पानी बहाने, अतिक्रमण बनाए रखने या सरकारी निर्देशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
सावन मेले के लिए सभी विभागों को दिए गए निर्देश
प्रशासन ने साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए हैं. अधिकारियों ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य कर रहे हैं, ताकि सावन मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










