विधानसभा में गूंजा छपरा के जलजमाव का मुद्दा, विधायक छोटी कुमारी ने सरकार से पूछा- अरबों खर्च के बाद भी हर बारिश में क्यों डूबता है शहर?

Updated:
विज्ञापन
फोटो -विधानसभा में बोलती छपरा विधायक छोटी कुमारी | Prabhat Khabar Network

विधानसभा में बोलती छपरा विधायक छोटी कुमारी | Prabhat Khabar Network

छपरा नगर निगम क्षेत्र में वर्षों से जलजमाव की समस्या विधानसभा में प्रमुखता से उठी. विधायक छोटी कुमारी ने अरबों की योजनाओं के बावजूद हर बारिश में शहर के जलमग्न होने पर सवाल उठाए.

विज्ञापन

Bihar Assembly: बिहार विधानसभा के शून्यकाल में मंगलवार को छपरा नगर निगम क्षेत्र में वर्षों से बनी जलजमाव की समस्या प्रमुखता से उठी. छपरा विधानसभा की विधायक छोटी कुमारी ने सदन में कहा कि अरबों रुपये की विकास योजनाओं के बावजूद हर बारिश में शहर जलमग्न हो जाता है, जिससे आम लोगों का जीवन बुरी तरह प्रभावित होता है. उन्होंने सरकार से तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की मांग की.

पहले भी उठा चुकी हैं मुद्दा, फिर भी नहीं बदली स्थिति

विधायक छोटी कुमारी ने कहा कि यह कोई नई समस्या नहीं है. इससे पहले भी उन्होंने विधानसभा में इस मुद्दे को उठाया था, लेकिन ध्यानाकर्षण के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ. हर वर्ष हल्की बारिश के बाद ही छपरा नगर निगम क्षेत्र के कई मोहल्लों में जलजमाव हो जाता है.

हजारों लोगों का जनजीवन होता है प्रभावित

उन्होंने कहा कि जलजमाव के कारण सड़कों पर आवागमन बाधित हो जाता है. घरों और दुकानों में पानी घुसने से लोगों की संपत्ति और व्यापार को भारी नुकसान होता है. सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को झेलनी पड़ती है. इसके साथ ही जलनिकासी नहीं होने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है.

अधूरी परियोजनाओं पर उठाए सवाल

विधायक ने सदन में कहा कि राज्य सरकार द्वारा नगर निगम और बुडको के माध्यम से सड़क एवं नाला निर्माण पर अरबों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन कई परियोजनाएं अब भी अधूरी हैं. निर्माण कार्यों में अत्यधिक विलंब, लापरवाही और प्रभावी निगरानी के अभाव के कारण जनता को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है.

उन्होंने सरकार से सवाल किया कि जब करोड़ों-अरबों रुपये खर्च किए जा चुके हैं, तब भी हर बारिश में छपरा नगर निगम क्षेत्र जलमग्न क्यों हो जाता है.

सरकार से की ये प्रमुख मांगें

विधायक छोटी कुमारी ने सरकार से मांग की कि—

  • नगर निगम क्षेत्र में युद्धस्तर पर जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
  • सभी लंबित सड़क एवं नाला निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे कराए जाएं.
  • निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
  • जलजमाव से प्रभावित लोगों के नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए.

"घोषणाओं से नहीं, कार्रवाई से होगा समाधान"

विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई से होगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि छपरा की जनता से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे को वह आगे भी विधानसभा और सरकार के समक्ष पूरी मजबूती से उठाती रहेंगी.

Also Read: CM सम्राट बोले- जीविका दीदियों के कहने पर सरकार ने बिजली फ्री की और पेंशन बढ़ाई, चुनाव से पहले कराया था महिला संवाद


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन